जेएफसी के जूनियर जांबाजों ने स्पोट़र्स ऑथोरिटी को रौंदा Jamshedpur News
शुरुआत से ही जमशेदपुर एफसी अंडर-18 टीम आक्रामक नजर आ रही थी। एक-एक कर 6 गोल से जीत दर्ज की।
जमशेदपुर (जागरण संवाददाता)। जमशेदपुर एफसी के जूनियर जांबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जेआरडी टाटा स्पोट्र्स कांप्लेक्स में खेले गए अंडर-18 आइ लीग के एक मुकाबले में स्पोट्र्स ऑथोरिटी ऑफ झारखंड को 6-0 से पराजित कर पूरे अंक अपनी झोली में डाल लिए।
शुरुआत से ही जमशेदपुर एफसी अंडर-18 टीम आक्रामक नजर आ रही थी। खेल के 22वें मिनट में मैती ने साथी खिलाड़ी द्वारा दिए गए पास को गोल में तब्दील कर दिया। अभी इस झटके से स्पोट्र्स ऑथोरिटी ऑफ झारखंड उबर भी नहीं पाया था कि दो मिनट बाद ही जागोई ने गोल दाग विरोधियों को सकते में डाल दिया।
2-0 से पिछडऩे के बाद स्पोट्र्स ऑथोरिटी ऑफ झारखंड ने पलटवार करने का प्रयास किया, लेकिन इसके लिए जमशेदपुर एफसी की रक्षा पंक्ति पहले से ही सचेत थी। उधर, मेजबान टीम विरोधियों पर हावी नजर आ रहा था। खेल के 37वें मिनट मेें मैती ने एक बार फिर अपनी जादुई पैरों का कमाल दिखाया और शानदार गोल कर मुकाबले को 3-0 पर ला खड़ा किया।
मध्यांतर के बाद भी जमशेदपुर एफसी की अंडर-18 की आक्रामकता में कोई कमी देखने को नहीं मिली। खेल 72वें मिनट में फिजम सिंह ने साथी खिलाड़ी द्वारा दिए गए पास को गोल में तब्दील कर विरोधी टीम की कमर तोड़ दी। अब तक हार के मुहाने पर खड़ी स्पोट्र्स ऑथोरिटी ऑफ झारखंड पूरी तरह हतोत्साहित नजर आ रही थी। जमशेदपुर एफसी ने इसका बखूबी फायदा उठाया। खेल के 78वें मिनट में लालरुआमविया ने गोल कर मुकाबले को 5-0 पर ला खड़ा किया। रही सही कसर हिजाम लेनिन सिंह ने 93वें मिनट में एक और गोल कर पूरा कर दिया।