दुल्हन के लिए बनवाए 10 लाख रुपये के जेवर ले उड़े चोर
कदमा-सोनारी लिंक रोड निवासी टाटा स्टील कर्मी विजय कुमार के क्वार्टर से 10 लाख के जेवर चोर उड़ा ले गए।
जमशेदपुर,जागरण संवाददाता। कदमा-सोनारी लिंक रोड निवासी टाटा स्टील कर्मी विजय कुमार के क्वार्टर से 10 लाख के जेवर चोर उड़ा ले गए। विजय कुमार ने यह जेवर बेटे विमल कुमार की दुल्हन के लिए खरीदे थे। शादी बिहार के लखीसराय में दस दिसंबर को होने वाली है।
चोरी की सूचना पर सिटी एसपी प्रभात कुमार व कदमा थाने के इंस्पेक्टर जितेंद्र ठाकुर मौके पर जांच के लिए पहुंचे। खोजी कुत्ते की मदद भी ली गई। पड़ोसी महिला नाजो, उसकी बेटी व घर में काम करनेवाली दाई को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ की गई। वैसे अज्ञात पर चोरी की प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। विमल भी टाटा स्टीलकर्मी हैं।
घर में काम करने वाली नाजो से मिले कुछ जेवर
पूछताछ के बाद नाजो ने एक अंगूठी, दो मंगलसूत्र व कान के दो टाप्स पुलिस को दिए हैं। बताया कि जेवरात उसे सड़क पर गिरे मिले थे। पुलिस ने जब आगे पड़ताल शुरू की तो रास्ते में गिरे छह कानपास और तीन नथिया भी बरामद हुए।
रात डेढ़ बजे के बाद हुई चोरी
विजय का पूरा परिवार रविवार रात एक बजे तक जग रहा था। जब सभी सो गए तो रात डेढ़ से चार बजे के बीच चोरी की घटना हुई। चोर कमरे में रखे दो अटैची ले कर घर से बाहर निकल गए। इनमें ही जेवर थे। भागने के दौरान कुछ जेवरात सड़क पर गिर गए थे। जिसे पुलिस ने सोमवार को बरामद किया।
टाटा स्टील का डॉग सीजे से मिली मदद
घटना के बाद जब पुलिस किसी कारण से खोजी कुत्ता उपलब्ध नहीं करा पाई तो एसएसपी अनूप बिरथरे के निर्देश पर टाटा स्टील के डॉग सीजे को बुलाया गया। वह पड़ोसी नाजो के घर में ही बार-बार प्रवेश कर रहा था।