Jharkhand Assembly Election 2019: जदयू की एकला चलो की राह में झमेला, संभावित प्रत्याशी की घोषणा पर हुई धक्का-मुक्की
Jharkhand Assembly Election 2019. झारखंड में जदयू की एकला चलो की राह आसान नहीं दिखती। यहां तो संभावित प्रत्याशी की घोषणा पर ही बबाल मचने लगा है।
जमशेदपुर, जासं। झारखंड में भाजपा को छोड़ एकला चलो का राग अलापने वाले जनता दल यूनाइटेड (जदयू) की राह आसान नहीं दिख रही है। जदू के कोल्हान स्तरीय नेता व कार्यकर्ता सम्मेलन में उस समय हंगामा हो गया, जब प्रदेश अध्यक्ष सालखन मुर्मू ने जमशेदपुर पश्चिमी विधानसभा क्षेत्र के लिए दल के संभावित प्रत्याशी की घोषणा की। घोषणा होते ही कार्यकर्ताओं में धक्का-मुक्की होने लगी। किसी तरह मामले को शांत कराया गया।
दरअसल, गुरुवार को साकची स्थित उत्कल एसोसिएशन में सम्मेलन का आयोजन किया गया था। इसमें आसन्न विधान सभा चुनाव के लिए संभावित प्रत्याशी की घोषणा की जा रही थी। इसी क्रम में जैसे ही जमशेदपुर पश्चिम सीट के लिए पार्टी के संभावित उम्मीदवार के रूप में पार्टी के जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव आचार्य के नाम की घोषणा की गई, हंगामा खड़ा हो गया। पार्टी युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष निर्मल सिंह व जिला अध्यक्ष राणा प्रताप सिंह के समर्थकों ने इसका विरोध शुरू कर दिया। बताया गया कि इसके पूर्व संभावित प्रत्याशी के रूप में निर्मल सिंह का नाम सामने आया था।
स्टेज पर चढ़ विरोध किया
संजीव आचार्य के नाम की घोषणा के बाद विरोध करनेवाले कार्यकर्ता स्टेज पर चढ़ गए। करीब एक से डेढ़ घंटा तक हंगामा होता रहा। राणा प्रताप सिंह व निर्मल सिंह के समझाने के बाद कार्यकर्ता शांत हुए। कार्यकर्ताओं का कहना था कि निर्मल सिंह को भले ही टिकट नहीं दिया जाए, लेकिन किसी योग्य उम्मीदवार को मैदान में उतारा जाना चाहिए। हंगामा शांत होने के बाद विरोध के बीच पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पूर्व सांसद सालखन मुर्मू ने संभावित उम्मीदवार के रूप में संजीव आचार्य के नाम की घोषणा के साथ बैठक समाप्त की गई।
राष्ट्रीय अध्यक्ष से करेंगे शिकायत
सम्मेलन के बाद कार्यकर्ता इस मामले को राष्ट्रीय अध्यक्ष के समक्ष पहुंचाने की बात कर रहे थे। इसी बीच प्रदेश जनता दल यूनाइटेड प्रभारी ने पूरे मामले की रिपोर्ट तलब की है। रिपोर्ट मिलने के बाद ही प्रदेश अध्यक्ष के साथ बातचीत होने की संभावना है। इधर पार्टी के युवा मोर्चा भी अपने स्तर से मामले की रिपोर्ट राष्ट्रीय अध्यक्ष के सामने प्रस्तुत करेगा।
नौ विधानसभा क्षेत्र के लिए संभावित प्रत्याशी घोषित
संजीव आचार्य की अध्यक्षता में हुए सम्मेलन में पार्टी के प्रदेश, जिला व महानगर कमेटी के नवनियुक्त पदाधिकारियों को सम्मानित किया गया। मौके पर सलखान मुर्मू ने विधानसभा चुनाव को लेकर कई क्षेत्रों से संभावित उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की। वे स्वयं पश्चिम सिंहभूम के मझगांव विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी होंगे। जबकि जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा से संजीव आचार्य, जमशेदपुर पूर्वी से संजय ठाकुर, घाटशिला से डॉ. अमित कुमार सिंह, पोटका से विश्वनाथ सिंह सरदार, बहरागोड़ा से बबलू दास, खरसावां से कुंवर सिंह बानरा, तमाड़ से मानकी सुनील सिंह मुंडा और गुमला से ईसाई धर्मगुरु बिशप एजे एक्का उम्मीदवार होंगे। सम्मेलन का संचालन दीपक कुमार गिरी ने किया जबकि धन्यवाद ज्ञापन कृष्णा बनर्जी ने दिया।