JantaCurfew: रात नौ बजे बाद भी पश्चिमी सिंहभूम जिले में जनता कर्फ्यू, दिख रहा कारोना से जंग का जज्बा
JantaCurfew. कोरोना वायरस के खिलाफ सबसे बड़ी जंग में पश्चिमी सिंहभूम की जनता का साथ रविवार रात नौ बजे के बाद भी बना रहेगा।
चाईबासा, जासं। JantaCurfew विश्वव्यापी महामारी का सबब बने कोरोना वायरस के खिलाफ सबसे बड़ी जंग में पश्चिमी सिंहभूम की जनता का साथ रविवार रात नौ बजे के बाद भी बना रहेगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनता कर्फ्यू के आह्रवान पर सुबह सात बजे से ही लोग घरों में सिमटे हैं और सड़कों पर सन्नाटा है। बाजार बंद हैं। यह सिलसिला रात नौ बजे यानी प्रधानमंत्री के आह्रवान की अवधि खत्म होने के बाद भी जारी रहेगा। स्वास्थ्य चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग झारखंड सरकार के प्रधान सचिव के द्वारा जारी निर्देश के आलोक में पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त अरवा राजकमल एवं पुलिस अधीक्षक इंद्रजीत माहथा के द्वारा संयुक्त रूप से समस्त जिलावासियों से यह अपील की है कि जनता कर्फ्यू जो स्वतः लागू किया गया है अवधि समाप्ति के बाद किसी भी प्रकार के सामूहिक कार्यक्रम का आयोजन ना करें।
डीसी-एसपी ने की अपील
दोनों वरीय पदाधिकारियों के द्वारा अपनी अपील में कहा गया कि देश के प्रधानमंत्री के आह्वान पर स्वेच्छा से आयोजित जनता कर्फ्यू के उपरांत आम जनों का एक साथ बाहर आना या सामूहिक कार्यक्रम का आयोजन करने से हम सभी लोग मुख्य उद्देश्य से वंचित रह जाएंगे। एक बार पुनः आप सभी सम्मानित नागरिकों से अपील है कि जनता कर्फ्यू समाप्ति (रात्रि 09:00 बजे) होने के उपरांत अपने अपने घरों में रहें, सतर्क रहें, सुरक्षित रहें एवं दूसरे को भी सुरक्षित रखें।
स्वास्थ्य सचिव ने दिया है आदेश
रात नौ बजे के बाद भी जनता कर्फ्यू की व्यवस्था लागू रखने का आदेश दिया है। आदेश में कहा गया है कि आशंका है कि रात नौ बजे यानी जनता कर्फ्यू की अवधि खत्म होने के बाद लोग घरों से बाहर सड़कों पर निकल सकते हैं और दुकानें खुल सकती हैं। लोग सोशल गैदरिंग भी कर सकते हैं। इस पर रोक आवश्यक है।