मां दुर्गा की आराधना और फिल्मी तरानों के अद्भुत संगम के बीच पारंपरिक परिधानों में सजे शहरवासियों के कदम स्वतः ही थिरक उठे। यह आयोजन आनंद की वह बहती नदी बन गया, जहां हर कोई अपनी दैनिक थकान भूलकर मस्ती की लहरों में झूम रहा था।
उत्सव का औपचारिक शुभारंभ दैनिक जागरण के संस्थापक स्व. पूर्णचंद्र गुप्ता और पूर्व प्रधान संपादक स्व. नरेंद्र मोहन के चित्रों पर माल्यार्पण व श्रद्धांजलि अर्पण के साथ हुआ। इसके बाद नौ विशिष्ट महिलाओं द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया गया।
कार्यक्रम की सांस्कृतिक शुरुआत शक्ति की देवी मां दुर्गा की भावपूर्ण वंदना से हुई। पूनम वर्मा की टीम और उनके साथ नौ महिलाओं ने जब मंच पर माता के नौ रूपों को जीवंत करते हुए प्रस्तुति दी, तो पूरा प्रांगण श्रद्धा और भक्ति के रंग में सराबोर हो उठा।
संगीत की स्वर लहरियों ने ऐसा समां बांधा कि उम्र का हर फासला मिट गया। "ढोली तारो ढोल बाजे", "ओ लाल दुपट्टे वाली", "परी हूं मैं" और "तूने मारी एंट्रियां दिल में बजी घंटियां" जैसे लोकप्रिय गीतों पर युवाओं और महिलाओं ने जमकर डांडिया रास किया।
वहीं, जब "सबसे बड़ा तेरा नाम, मां शेरावाली" की धुन गूंजी, तो पूरा धालभूम क्लब भक्ति भाव में डूब गया। रंग-बिरंगे केडिया, चनिया-चोली और पारंपरिक परिधानों में सजे लोग जब एक ताल में डांडिया टकरा रहे थे, तो दृश्य बेहद मनोरम लग रहा था।
पत्नियों के हैंडबैग थामे पतियों की टूटी झिझक
![dandiya2]()
दर्शक दीर्घा का नजारा बेहद गुदगुदाने वाला रहा। कार्यक्रम के शुरुआती दौर में कई पुरुष संकोचवश किनारे खड़े नजर आ रहे थे और अपनी पत्नियों के हैंडबैग थामकर खड़े थे।
लेकिन जैसे-जैसे गीतों की रवानी बढ़ी और माहौल में उत्सव का रंग गहराया, उनकी झिझक दूर हो गई। "तूने मारी एंट्रियां..." बजते ही शर्मीले पति भी हैंडबैग किनारे रखकर सीधे मैदान में कूद पड़े और अपनी पत्नियों के साथ कदम से कदम मिलाकर डांडिया करने लगे।
अतिथियों एवं विशिष्ट हस्तियों का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान दैनिक जागरण जमशेदपुर के संपादकीय प्रभारी प्रदीप सिंह, एजीएम दिलावर साहू और सीनियर मार्केटिंग मैनेजर अजय पांडेय ने अतिथियों व प्रायोजकों को बुके व मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया।
सम्मानित होने वाली नौ विशिष्ट महिलाओं में डॉ. ज्योति सिंह, डॉ. पल्लवी गौतम ठाकुर, ऋचा गर्ग, ज्योति भगत, एम. लक्ष्मी, डॉ. पूनम कुमारी, डॉ. नेहा सिंह, डॉ. निधि श्रीवास्तव और मनप्रीत कौर शामिल थीं। इसके अतिरिक्त, अभिषेक चाइल्ड केयर के डॉ. अभिषेक, आदर्श एकत्वम ग्रुप के कृष्ण मुरारी, केके आवास के विकास सिंह और एमआर ज्वेलर्स के महेंद्र वर्मा को भी मंच पर सम्मानित किया गया।
'संस्कृति और समाज को जोड़ने का सशक्त सेतु है जागरण'
संपादकीय प्रभारी प्रदीप सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि दैनिक जागरण केवल समाचारों का वाहक नहीं है, बल्कि समाज को उसकी सांस्कृतिक जड़ों और जीवन मूल्यों से मजबूती से जोड़े रखने का एक सशक्त माध्यम भी है।
यह आयोजन हमारी गौरवशाली परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का एक सेतु है। मुख्य अतिथि डॉ. अभिषेक ने कहा कि भागदौड़ भरी जिंदगी के बीच दैनिक जागरण का यह प्रयास शहरवासियों में नई ऊर्जा और सकारात्मकता का संचार करता है। एजीएम दिलावर साहू ने स्वागत भाषण दिया, जबकि अजय पांडेय ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।