पोटका में हादसा: पहाड़भांगा नदी से 24 घंटे बाद मिला टेल्को के युवक का शव, NDRF ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
पोटका के पहाड़भांगा नदी में नहाने के दौरान डूबे जमशेदपुर के टेल्को निवासी 20 वर्षीय राजू सिंह का शव 24 घंटे बाद बरामद कर लिया गया।

एनडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की कड़ी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला जा सका।
HighLights
पहाड़भांगा नदी में डूबे 20 वर्षीय राजू सिंह का शव मिला।
एनडीआरएफ और गोताखोरों ने 24 घंटे बाद शव बरामद किया।
चेतावनी बोर्ड की अनदेखी युवक के लिए जानलेवा साबित हुई।
संसू, पोटका। पोटका थाना क्षेत्र के प्रसिद्ध पिकनिक स्पॉट पहाड़भांगा नदी में रविवार को नहाने के दौरान डूबे 20 वर्षीय राजू सिंह का शव सोमवार दोपहर को बरामद कर लिया गया।
एनडीआरएफ (NDRF) की टीम और स्थानीय गोताखोरों की कड़ी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला जा सका। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने आया था राजू
पोटका थाना प्रभारी सन्नी टोप्पो ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, जमशेदपुर के टेल्को निवासी राजू सिंह रविवार दोपहर करीब तीन बजे अपने दोस्तों मुकेश सिंह, प्रमोद कुमार, राजेश कुमार, संजीव कुमार और वीरेंद्र सिंह के साथ पहाड़भांगा में पिकनिक मनाने आया था।
पिकनिक के बाद राजू, मुकेश और राजेश नदी में नहाने उतरे। नहाने के दौरान राजू अनजाने में गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।
उसे बचाने के प्रयास में उसका दोस्त मुकेश भी गहरे पानी में चला गया, लेकिन वह किसी तरह सुरक्षित बाहर निकल आया, जबकि राजू पानी के तेज बहाव और गहराई में समा गया।
चेतावनी को दरकिनार करना पड़ा भारी
सूचना मिलने पर रविवार को ही थाना प्रभारी सन्नी टोप्पो पुलिस बल के साथ पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से खोजबीन शुरू कराई। हालांकि, रात में अंधेरा हो जाने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन रोकना पड़ा था।
सोमवार को NDRF की टीम ने अभियान चलाकर आखिरकार शव को खोज निकाला। उल्लेखनीय है कि पहाड़भांगा नदी में इससे पहले भी कई युवक डूब चुके हैं।
इसे देखते हुए स्थानीय पुलिस व ग्रामीणों द्वारा वहां चेतावनी सूचक बोर्ड लगाए गए हैं और नदी में उतरने पर सख्त पाबंदी है। इसके बावजूद निर्देशों की अनदेखी कर नदी में उतरना युवक के लिए जानलेवा साबित हुआ।
