जमशेदपुर के युवक की कतर में हार्ट अटैक से मौत, कतर स्टील में करता था जॉब
जमशेदपुर के मानगो इलाके के युवक की मौत कतर में हो गई। इश्तियाक कतर स्टील में काम करता था। मौत की वजह हार्ट अटैक बताई गई है।
जमशेदपुर, जासं। कतर में जॉब करने वाले जमशेदपुर के मानगो में मुंशी मोहल्ला निवासी 47 वर्षीय इश्तियाक अहमद की हार्ट अटैक से मौत हो गई है। उन्होंने कतर के समय के अनुसार सुबह तकरीबन आठ बजे अस्पताल में इस दुनिया को अलविदा कह दिया।
इश्तियाक की पत्नी यासमीन ने शनिवार की रात तकरीबन ढ़ाई बजे जमशेदपुर फोन कर उनके पिता और भाई को इसकी जानकारी दी। इश्तियाक का शव एयर एंबुलेंस से मंगलवार को कोलकाता लाया गया। वहां से सड़क मार्ग से जमशेदपुर लाया गया। इश्तियाक अहमद का मकान मुंशी मोहल्ले में है। लेकिन, ये मकान रेंट पर उठा है। इसलिए, उनका अंतिम संस्कार उनकी मोहम्मडन लाइन स्थित उनके श्वसुर मो. नसीम अंसारी के घर से किया गया। साकची कब्रिस्तान में इश्तियाक को सुपुर्द-ए-खाक किया गया।
18 साल से कतर स्टील में कर रहे थे जॉब
इश्तियाक 18 साल पहले जमशेदपुर से कतर गए थे। उन्हें वहां कतर स्टील प्लांट में कास्टर के पद पर जॉब मिली थी। इश्तियाक दो महीने पहले जमशेदपुर आए थे। उनके एक बेटा और दो बेटी हैं। इश्तियाक दो भाई हैं। उनके भाई अशफाक की दुकान साकची में है।
घर शिफ्ट करते समय पड़ा अटैक
बताते हैं कि इश्तियाक कतर में अपना मकान बदल रहे थे। वो नए मकान में शिफ्ट कर रहे थे। सामान ले जाने के लिए लेबर लगे हुए थे लेकिन, फिर भी उन्होंने कोई भारी सामान उठा लिया। भारी सामान उठाने पर उनके सीने में तेज दर्द उठा। उन्हें फौरन अस्पताल ले जाया गया जहां उनकी मौत हो गई है।