Move to Jagran APP

यात्री शेड में कहीं बेंच गायब तो कहीं छत ही नहीं

शहर के यात्री शेड की हालत खस्ता है। इन्हें शहरवासियों को जाड़ा गर्मी व बरसात में सड़क किनारे राहत दिलाने के लिए पूर्व सांसद डॉ. अजय कुमार की पहल पर बनाया गया था।

By JagranEdited By: Published: Fri, 14 Feb 2020 09:32 PM (IST)Updated: Sat, 15 Feb 2020 06:15 AM (IST)
यात्री शेड में कहीं बेंच गायब तो कहीं छत ही नहीं
यात्री शेड में कहीं बेंच गायब तो कहीं छत ही नहीं

मनोज सिंह, जमशेदपुर : शहर के यात्री शेड की हालत खस्ता है। इन्हें शहरवासियों को जाड़ा, गर्मी व बरसात में सड़क किनारे राहत दिलाने के लिए पूर्व सांसद डॉ. अजय कुमार की पहल पर बनाया गया था। इनके साथ यातायात पुलिस के लिए पुलिस बूथ भी बने थे।

loksabha election banner

मानगो नगर निगम क्षेत्र में लगभग 16 लाख रुपये की लागत से 11 स्थानों पर यात्री शेड बनाए गए थे, जबकि जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र में भी लगभग एक दर्जन स्थानों पर यात्री शेड बनाए गए हैं। रख रखाव के अभाव में अब शहर के ये सभी यात्री शेड खस्ताहाल हो चुके हैं।

दैनिक जागरण टीम ने गुरुवार को शहर के विभिन्न इलाके में इन यात्री शेड का निरीक्षण किया। इसमें पाया गया कि किसी शेड से यात्रियों को बैठने के लिए बनाए गए बेंच गायब हैं तो कहीं कुर्सी टूटी हुई है। वहीं कई शेड में मोबाइल फोन चार्ज करने के लिए बनाए गए चार्जिग प्वाइंट टूट गए हैं।

---

सोनारी एयरपोर्ट यात्री शेड

सोनारी एयरपोर्ट के पास बनाए गए यात्री शेड को सर्वसुविधायुक्त बनाया गया था, लेकिन रख रखाव के अभाव में यहां फोन चार्जिग प्वाइंट टूट चुका है। पीछे से शेड भी गायब हो गया है।

---

मानगो ओल्ड पुरूलिया रोड :

मानगो ओल्ड पुरूलिया रोड में बनाए गए यात्री शेड पर भीख मांगने वालों का कब्जा है। इन्होंने यात्री शेड को ही अपना घर बना लिया है। पूरा शेड टूटा-फूटा है।

----

टिनप्लेट यात्री शेड :

टिनप्लेट के पास बनाए गए यात्री शेड का बेंच ही गायब है। यदि कोई बूढ़ा या बुजुर्ग यात्री शेड में आ जाए तो वैसे लोगों के लिए बैठने के लिए बेंच ही नहीं है। इससे आम जनता को कठिनाई का सामना करना पड़ता है।

----

एग्रिको यात्री शेड :

पूर्व मुख्यमंत्री के आवास से थोड़ी दूर पर बने यात्री शेड का हाल सबसे खराब है। पूर्व सांसद डॉ. अजय कुमार के सांसद निधि से बनाए गए इस यात्री शेड पूरी तरह जर्जर हो गए हैं। बेंच का आधा भाग ही गायब है। रेलिंग टूटा हुआ है।

----

कहते हैं सांसद

नगर निकाय के पदाधिकारियों से बातचीत कर सभी जर्जर यात्री शेड को ठीक कराया जाएगा। इसके लिए मैं खुद पहल कर बैठक करूंगा।

- विद्युत वरण महतो, सांसद जमशेदपुर

----

मानगो में 11 यात्री शेड का निर्माण कराया गया था। इनके जर्जर स्थिति की जानकारी मुझे मिली है। जांच की जाएगी। जैसे ही नगर विकास विभाग से धनराशि आएगी यात्री शेड ठीक कराए जाएंगे।

- दीपक सहाय, कार्यपालक पदाधिकारी, मानगो नगर निगम

----

जमशेदपुर पूर्वी क्षेत्र में विधायक मद से यात्रियों के लिए शेड का निर्माण कराया गया था। शेड निर्माण के बाद उसका हैंडओवर जमशेदपुर अक्षेस को नहीं दिया गया था। नागरिकों की सुविधा की बात है तो इसकी जांच कराई जाएगी।

-- कृष्ण कुमार, विशेष पदाधिकारी, जमशेदपुर अक्षेस


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.