विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

8 सितंबर को इवेंट है, पहुंचे तो होटल खाली मिला: मेकअप-मॉडलिंग शो के नाम पर महिलाओं से जालसाजी

Published: Tue, 15 Sep 2026 11:08 PM (IST)

कोलकाता के आईटीसी रॉयल बंगाल होटल में मेकअप, मॉडलिंग और फैशन शो के नाम पर जमशेदपुर व गम्हरिया की महिलाओं से ऑनलाइन ठगी की गई है।

आयोजकों ने फर्जी कार्यक्रम का झांसा देकर पंजीकरण शुल्क लिया, लेकिन मौके पर कोई आयोजन नहीं मिला, जिसके बाद पीड़ित महिलाएं अब साइबर थाने में शिकायत की तैयारी कर रही हैं।

आयोजकों ने फर्जी कार्यक्रम का झांसा देकर पंजीकरण शुल्क लिया, लेकिन मौके पर कोई आयोजन नहीं मिला, जिसके बाद पीड़ित महिलाएं अब साइबर थाने में शिकायत की तैयारी कर रही हैं।

HighLights

  1. कोलकाता के आईटीसी रॉयल बंगाल में फर्जी कार्यक्रम का झांसा।

  2. आयोजक फरार, पीड़ित महिलाएं साइबर थाने में शिकायत करेंगी।

संवाद सहयोगी, गम्हरिया। कोलकाता के नामचीन आईटीसी रॉयल बंगाल होटल में कथित मेकअप, मॉडलिंग, फैशन शो और पुरस्कार समारोह के नाम पर जमशेदपुर और गम्हरिया क्षेत्र की आधा दर्जन से अधिक महिलाओं से ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। 
 
आयोजकों के झांसे में आकर महिलाएं विगत 8 सितंबर को जब कोलकाता स्थित होटल पहुंचीं, तो वहां ऐसा कोई आयोजन ही नहीं था। इसके बाद पीड़ित महिलाएं रोते-बिलखते वापस लौटीं।
 

बड़े ब्रांड्स और बॉलीवुड अभिनेत्रियों का दिया झांसा

पीड़ितों के अनुसार, कथित आयोजकों ने एक आकर्षक पोस्टर जारी किया था। इसमें चर्चित सौंदर्य ब्रांड 'नायका' का नाम, आईटीसी रॉयल बंगाल का पता और बॉलीवुड की प्रसिद्ध अभिनेत्रियों के मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का दावा किया गया था। 
 
पोस्टर में दो दिवसीय प्रशिक्षण, मॉडलिंग, फैशन शो व अवार्ड सेरेमनी का लालच देकर पंजीयन के नाम पर अलग-अलग खातों (मनोज सिंह, आर्यन कुमार सिंह, आकाश राम आदि) में पैसे ट्रांसफर करवाए गए।


पीड़ित महिलाओं में एक ने अपने बच्चों की गुल्लक तोड़कर पंजीयन राशि जमा की थी, तो वहीं महज 4,000 रुपये के मानदेय पर काम करने वाली एक अन्य महिला ने भी मेहनत की गाढ़ी कमाई लगा दी थी।

आयोजक फोन बंद कर फरार, साइबर थाने में शिकायत की तैयारी

आयोजन से ठीक एक दिन पहले 7 सितंबर से मुख्य आयोजक हिमांशु का मोबाइल नंबर बंद आने लगा। जांच करने पर आईटीसी रॉयल बंगाल होटल और नायका दोनों की ओर से 8 सितंबर को ऐसे किसी भी कार्यक्रम की बुकिंग या आयोजन से साफ इनकार किया गया। 
 
ठगी की शिकार महिलाएं अब मामले की औपचारिक शिकायत साइबर क्राइम थाने में दर्ज कराने की तैयारी में हैं।