Jamshedpur News: साकची में देर रात नशे में धुत कार सवार 5 युवकों का हंगामा, भागने के दौरान कई वाहनों को मारी टक्कर
जमशेदपुर के साकची में देर रात पांच नशेड़ी युवकों ने बसंत सिनेमा के पास जमकर उत्पात मचाया। उन्होंने राहगीरों से ...और पढ़ें

साकची में 20 मिनट तक चले इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के कारण पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
HighLights
साकची में नशे में धुत 5 युवकों ने हंगामा किया।
राहगीरों से मारपीट, गाली-गलौज और धमकी दी।
पुलिस ने हिरासत में लिया, कार से शराब बरामद।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। साकची थाना क्षेत्र स्थित बसंत सिनेमा (टॉकीज) के समीप सोमवार की देर रात करीब 12 बजे नशे में धुत कार सवार पांच युवकों ने जमकर हंगामा मचाया।
इस दौरान युवकों पर राहगीरों के साथ गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगा है। लगभग 20 मिनट तक चले इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के कारण पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांचों युवकों को हिरासत में ले लिया।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, सोमवार रात करीब 12 बजे एक कार में सवार होकर पांच युवक बसंत टॉकीज के पास पहुंचे। सभी युवक शराब के अत्यधिक नशे में थे।
बिना किसी कारण सड़क से गुजर रहे राहगीरों से उलझने लगे। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि युवकों ने मारपीट और गाली-गलौज शुरू कर दी।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर पुलिस की पीसीआर (PCR) वैन तैनात थी। जैसे ही स्थानीय लोगों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी।
पीसीआर वैन तुरंत मौके पर पहुंच गई। पुलिस को अपनी ओर आता देख आरोपी युवकों ने कार से भागने का प्रयास किया।
इस हड़बड़ाहट में उनकी कार की चपेट में आने से सड़क किनारे खड़े कई वाहन टकराकर क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि, स्थानीय लोगों की समझदारी और पुलिस की तत्परता से युवकों की भागने की कोशिश नाकाम हो गई।
इसके बाद साकची थाने से अतिरिक्त पुलिस बल भी मौके पर पहुंचा और सभी पांचों युवकों को पकड़ लिया गया। बताया जाता है कि हिरासत में लिए जाने के दौरान युवकों ने पुलिसकर्मियों के साथ भी हाथापाई करने का प्रयास किया।
कार की तलाशी लेने पर पुलिस को वाहन के भीतर से शराब की बोतलें, एक बेसबॉल बैट और अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद हुए हैं।
मामले के संबंध में पूछे जाने पर साकची थाना प्रभारी ने बताया कि सभी आरोपी युवकों को फिलहाल थाने में रखा गया है और उनके परिजनों को सूचित कर बुलाया गया है।
थाना प्रभारी के अनुसार, सभी युवकों को सख्त चेतावनी देने के बाद पीआर बॉन्ड (PR Bond) भरवाकर छोड़ने की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
