Jamshedpur Road Accident: चाईबासा-जमशेदपुर मार्ग पर मोटरसाइकिल और कार में जबरदस्त भिड़ंत, एक की मौत
Jamshedpur Road Accident राजेश कुमार सिंह और अरुण कुमार सिंह को गंभीर रूप से जख्मी अवस्था में चाईबासा सदर अस्पताल लाया गया। यहां इलाज के दौरान राजेश कुमार सिंह ने दम तोड़ दिया। उसके सर पर गहरी चोट लगी थी सर से लगातार खून बह रहा था।
चाईबासा, जासं। चाईबासा-जमशेदपुर मार्ग पर स्थित बादुड़ी गांव के पास कार से हुई भिड़ंत में मोटरसाइकिल सवार जमशेदपुर के मानगो निवासी राजेश कुमार सिंह की मौत हो गई। जबकि झींकपानी के दूसरे जख्मी व्यक्ति को टीएमएच रेफर कर दिया गया है। घटना शनिवार सुबह लगभग 11 बजे की है। घटना के संबंध में बताया गया कि झींकपानी कुम्हारटोली निवासी 38 वर्षीय अरुण कुमार सिंह जमशेदपुर मानगो निवासी अपने जीजा राजेश कुमार सिंह को डाक्टर से दिखाने सिजुलता जा रहे थे।
इलाज के दौरान एक की मौत
चाईबासा से 6 किलोमीटर दूर बादुड़ी गांव के पास सामने से आ रही स्कार्पियो के धक्के से मोटरसाइकिल दुर्घटना ग्रस्त हो गई। राजेश कुमार सिंह और अरुण कुमार सिंह को गंभीर रूप से जख्मी अवस्था में चाईबासा सदर अस्पताल लाया गया। यहां इलाज के दौरान राजेश कुमार सिंह ने दम तोड़ दिया। उसके सर पर गहरी चोट लगी थी सर से लगातार खून बह रहा था एवं पैर की हड्डियां टूट गई थी। वहीं झींकपानी निवासी जख्मी अरुण कुमार सिंह के दाहिने हाथ और पैर की हड्डी टूट गई हैं। उसके शरीर में अंदरूनी चोट के कारण जल्दबाजी में उसे जमशेदपुर रेफर कर दिया गया है।
जुबली पार्क गेट के पास रैश ड्राइविंग में दो बाइक में टक्कर, एक घायल
जमशेदपुर। जुबली पार्क गेट के पास रैश ड्राइविंग में दो बाइक के बीच टक्कर में दूसरे बाइक सवार तारिक गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल को टाटा मुख्य अस्पताल में दाखिल कराया गया है। वे टीजीएस के कर्मचारी है। मानगो ओल्ड पुरुलिया रोड के निवासी है। कंपनी से काम कर वापस जुबली पार्क होते हुए घर लौट रहे थे। उपायुक्त कार्यालय की ओर से बिष्टुपुर और बिष्टुपुर की ओर से पुराने कोर्ट की ओर जा रहे बाइक सवार टकरा गए। दोनों की टक्कर में तीसरे बाइक सवार घायल हो गए।