विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Road accident in Jamshedpur: एग्रिको में भारी वाहन ने पिता-पुत्र को रौंदा, नो-एंट्री में भारी वाहनों की रफ्तार पर आक्रोश

Published: Sun, 13 Sep 2026 11:58 PM (IST)

जमशेदपुर के सिदगोड़ा में एक भीषण सड़क हादसे में पिता-पुत्र की मौत हो गई, जिसके बाद आक्रोशित लोगों ने ट्रैफिक व्यवस्था और नो-एंट्री नियमों के उल्लंघन पर विरोध प्रदर्शन किया।

सिदगोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत एग्रिको ट्रैफिक सिग्नल के पास रविवार को सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई।

सिदगोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत एग्रिको ट्रैफिक सिग्नल के पास रविवार को सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई।

HighLights

  1. नो-एंट्री नियमों के उल्लंघन पर लोगों का आक्रोशित विरोध प्रदर्शन।

  2. विधायक पूर्णिमा साहू ने प्रशासनिक उदासीनता पर उठाए गंभीर सवाल।

जासं, जमशेदपुर। सिदगोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत एग्रिको ट्रैफिक सिग्नल (विधायक आवास के समीप) के पास रविवार को एक भीषण सड़क हादसे में मानगो निवासी पिता और उनके मासूम पुत्र की मौत हो गई। 
 
घटना के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने सड़क पर विरोध प्रदर्शन करते हुए शहर की ट्रैफिक व्यवस्था और नो-एंट्री नियमों के सख्त पालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए।


दुर्घटना से भड़के लोगों का आरोप था कि निर्धारित नो-एंट्री व्यवस्था लागू होने के बावजूद बर्मामाइंस से गोलमुरी चौक, लिट्टी चौक और एग्रिको सिग्नल तक भारी वाहन बेधड़क और तेज रफ्तार से दौड़ रहे हैं। प्रशासन की इसी लापरवाही के कारण राहगीर अपनी जान गंवा रहे हैं।

प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की कार्यशैली पर भी नाराजगी जताई। लोगों का कहना था कि हादसे के काफी देर बाद तक न तो सिदगोड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और न ही घायलों को अस्पताल ले जाने के लिए समय पर एंबुलेंस उपलब्ध हो सकी। 
 
समय पर चिकित्सा सुविधा न मिलना प्रशासनिक अव्यवस्था को उजागर करता है। मौके पर पहुंची पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर किसी तरह शांत कराया।


एग्रिको में हुई इस दुखद घटना पर जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया (X/ट्विटर) के माध्यम से मुख्यमंत्री, उपायुक्त (DC) और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) को टैग करते हुए प्रशासनिक उदासीनता पर तीखा हमला बोला।

विधायक ने कहा कि शहर में लगातार हादसे हो रहे हैं, फिर भी नो-एंट्री में भारी वाहनों का बेलगाम परिचालन बेरोकटोक जारी है, जो सीधे तौर पर प्रशासनिक विफलता का प्रमाण है। 
 
उन्होंने जिला प्रशासन से नो-एंट्री नियमों को कड़ाई से लागू करने और सड़क सुरक्षा के ठोस उपाय सुनिश्चित करने की मांग की।
 
साथ ही चेतावनी दी कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए, तो वह आम जनता की सुरक्षा के लिए स्वयं सड़क पर उतरकर उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगी।