विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शहर में लगातार हो रही बारिश से मौसमी बीमारियां का खतरा बढ़ा

Published: Sun, 10 May 2026 12:05 AM (GMT+05:30)

जमशेदपुर में लगातार बारिश ने गर्मी से राहत दी है, लेकिन अब यह मुसीबत बन रही है। मौसम विभाग ने ...और पढ़ें

प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर।

प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर।

HighLights

  1. जमशेदपुर में 13 मई तक भारी बारिश का येलो अलर्ट।

  2. बारिश से गिरे पेड़, बिजली गुल, आवागमन प्रभावित।

जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। लौहनगरी में पिछले कुछ दिनों से हो रही झमाझम बारिश ने जहां लोगों को भीषण गर्मी से राहत दी है। वहीं अब यह बारिश मुसीबत का सबब भी बनने लगी है। 
 
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने जमशेदपुर और कोल्हान के आसपास के इलाकों के लिए 13 मई तक 'येलो अलर्ट' जारी किया है। विभाग के अनुसार, अगले चार दिनों तक तेज आंधी के साथ भारी बारिश और वज्रपात की आशंका बनी रहेगी।
 

24 घंटे में 11 MM बारिश, आंधी से कई जगह गिरे पेड़ 

शनिवार को जमशेदपुर, आदित्यपुर और उपनगरीय इलाकों में जमकर बादल बरसे। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, बीते 24 घंटों में शहर में 11 एमएम बारिश दर्ज की गई। 
 
बारिश के साथ चली तेज हवाओं ने शहर की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया। कदमा, बिष्टुपुर, सोनारी और टेल्को जैसे क्षेत्रों में कई विशाल पेड़ों की डालियां टूटकर सड़कों पर गिर गईं, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ और कई इलाकों में बिजली गुल रही।
 

सेहत पर मंडराया संकट: वायरल और डेंगू का अलर्ट 

मौसम में आए इस अचानक बदलाव को लेकर स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने चिंता जताई है। चिकित्सकों का मानना है कि तापमान में उतार-चढ़ाव के कारण बच्चों और बुजुर्गों में वायरल फीवर, सर्दी-खांसी और फूड इंफेक्शन का खतरा बढ़ गया है।

इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) के अध्यक्ष डॉ. जीसी माझी ने चेतावनी देते हुए कहा क‍ि लगातार हो रही बारिश और जगह-जगह जलजमाव के कारण मच्छरों का प्रजनन तेजी से हो सकता है। 
 
यदि सावधानी नहीं बरती गई तो शहर में डेंगू और मलेरिया के मामले तेजी से बढ़ सकते हैं। उन्होंने नागरिकों को उबला हुआ पानी पीने और घर के आसपास पानी जमा न होने देने की सलाह दी है।
 

अगले 4 दिन भारी, फिर बढ़ेगा पारा 

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 13 मई तक आसमान में बादल छाए रहेंगे और गरज के साथ छींटे पड़ेंगे। शनिवार को शहर का अधिकतम तापमान 33.6°C और न्यूनतम तापमान 21°C दर्ज किया गया। 
 
हालांकि, राहत के ये दिन जल्द ही खत्म होने वाले हैं। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि 14 और 15 मई के बाद एक बार फिर लू (Heat wave) की स्थिति बन सकती है और पारा 38°C के पार जा सकता है।
 

प्रशासन की अपील: सतर्क रहें नागरिक 

खराब मौसम के कारण शहर की ट्रैफिक व्यवस्था और बिजली आपूर्ति पर असर पड़ा है। नगर निकाय और जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि तेज आंधी और बारिश के दौरान बड़े पेड़ों या बिजली के खंभों के नीचे शरण न लें। जलजमाव वाले क्षेत्रों में वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। 

अगले छह दिनों का संभावित तापमान (डिग्री सेल्सियस) 

       तिथि : न्यूनतम : अधिकतम

  • 10 मई : 21.0 : 33.0
  • 11 मई : 22.0 : 34.0
  • 12 मई : 23.0 : 35.0
  • 13 मई : 23.0 : 34.0
  • 14 मई : 25.0 : 36.0
  • 15 मई : 26.0 : 38.0