विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

1 करोड़ के इनामी दस्ते को तगड़ा झटका, जमशेदपुर के पहाड़ों से भारी मात्रा में नक्सली हथियार और कारतूस जब्त

Published: Wed, 23 Sep 2026 09:47 PM (IST)

पूर्वी सिंहभूम में पुलिस ने भाकपा माओवादी गतिविधियों के खिलाफ बड़ा सर्च अभियान चलाया। इस दौरान एमजीएम और चाकुलिया के ...और पढ़ें

जमशेदपुर के पहाड़ों से भारी मात्रा में नक्सली हथियार और कारतूस जब्त

जमशेदपुर के पहाड़ों से भारी मात्रा में नक्सली हथियार और कारतूस जब्त

जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम में भाकपा माओवादी गतिविधियों के विरुद्ध पुलिस ने बुधवार को बड़ा सघन सर्च अभियान चलाया।

वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब के निर्देश पर एमजीएम थाना क्षेत्र के छोटा बांकी व कुड़लुंग पहाड़ तथा चाकुलिया थाना क्षेत्र के जोभी जंगल में जमशेदपुर पुलिस, कोबरा, कोलकाता एसटीएफ और झारखंड जगुआर की संयुक्त टीम ने करीब 11 घंटे तक अभियान चलाया।

अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने जंगल-पहाड़ में छिपाकर रखे गए एक इंसास, एक एकेएम राइफल, 232 चक्र गोलियां, पांच मैगजीन और एक सीलिंग बरामद की।

WhatsApp Image 2026-09-23 at 7.55.58 PM

एसएसपी ने बताया कि अभियान भाकपा माओवादी से संबंधित मंगल महतो और मालती मुर्मू की निशानदेही पर चलाया गया। सुबह पांच बजे शुरू हुआ सर्च अभियान शाम चार बजे तक जारी रहा। दुर्गम जंगल और पहाड़ी इलाकों में सुरक्षा बलों ने चिह्नित व संदिग्ध स्थानों की व्यवस्थित और गहन तलाशी ली।

इसी दौरान अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखे गए हथियार और भारी मात्रा में कारतूस बरामद हुए। गौरतलब है कि मंगल महतो और उसकी पत्नी को बंगाल की एसटीएफ ने कुछ दिनों पहले गिरफ्तार किया था। दोनों एक करोड़ के इनामी रहे असीम मंडल दस्ते के सदस्य है।

कुड़लुंग पहाड़ से इंसास, जोभी जंगल से राइफल

एसएसपी के अनुसार कुड़लुंग पहाड़, एमजीएम थाना क्षेत्र से एक इंसास राइफल, 85 चक्र गोलियां, तीन मैगजीन और एक सीलिंग बरामद हुई। वहीं, चाकुलिया के जोभी जंगल से एक एकेएम राइफल, 147 चक्र गोलियां और दो मैगजीन बरामद की गईं।

इस तरह संयुक्त अभियान में कुल दो राइफल, 232 चक्र गोलियां और पांच मैगजीन समेत अन्य सामग्री पुलिस के हाथ लगी। बरामद हथियारों को विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत जब्त कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

कई सुरक्षा एजेंसियां एक साथ उतरीं

अभियान में पटमदा डीएसपी दयानंद कुमार, एमजीएम थाना प्रभारी सचिन कुमार दास, बोड़ाम थाना प्रभारी नीरज कुमार, चाकुलिया थाना प्रभारी राजेश कुमार इसके अलावा कोबरा-209, कोबरा-203, झारखंड जगुआर तथा कोलकाता एसटीएएफ की टीमें भी अभियान में शामिल थीं।

एसएसपी ने बताया कि बरामद हथियार व गोलियों को विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत जब्त कर अग्रतर कार्रवाई की जा रही है। अभियान के दौरान मिले तथ्यों और बरामद सामग्री के संबंध में आवश्यक कानूनी कार्रवाई व अनुसंधान जारी है। इलाके में संदिग्ध गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए सघन निगरानी और सर्च अभियान आगे भी जारी रहेगी।