विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जमशेदपुर में प्याज की कीमतों में जोरदार उछाल: परसुडीह मंडी में थोक भाव ₹50 पहुंचा, खुदरा में ₹65 के पार

Published: Tue, 25 Aug 2026 08:18 PM (IST)

जमशेदपुर में प्याज की कीमतों में 10 दिनों में ₹15-20 प्रति किलो का उछाल आया है, खुदरा में यह ₹60-65 ...और पढ़ें

खुदरा बाजार में प्याज की कीमतों में 15 से 20 रुपये प्रति किलो का जोरदार उछाल दर्ज किया गया है।

खुदरा बाजार में प्याज की कीमतों में 15 से 20 रुपये प्रति किलो का जोरदार उछाल दर्ज किया गया है।

HighLights

  1. थोक भाव ₹50, खुदरा में ₹60-65 प्रति किलो बिका।

  2. आपूर्ति बाधित होने पर ₹100 तक पहुंचने की आशंका।

जासं, जमशेदपुर। लौहनगरी जमशेदपुर में प्याज के तेवर एक बार फिर तीखे होने लगे हैं। पिछले दस दिनों के भीतर खुदरा बाजार में प्याज की कीमतों में 15 से 20 रुपये प्रति किलो का जोरदार उछाल दर्ज किया गया है। 
 
परसुडीह स्थित कृषि उपज मंडी में प्याज का थोक भाव 48 से 50 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया है। थोक दरों में आई इस तेजी के कारण शहर के विभिन्न स्थानीय खुदरा बाजारों में प्याज अब 60 से 65 रुपये प्रति किलो बिक रहा है। 
 
महज दस दिन पहले जो प्याज 45 रुपये प्रति किलो में उपलब्ध था, उसके लगातार चढ़ते दामों ने आम जनता की रसोई का बजट पूरी तरह बिगाड़ कर रख दिया है।
 

नासिक में स्टॉक कम होने की आशंका से चढ़े दाम

स्थानीय कारोबारियों का कहना है कि देश के प्रमुख प्याज उत्पादन केंद्र महाराष्ट्र के नासिक में स्टॉक घटने की आशंका के चलते मंडियों में कीमतें तेजी से ऊपर चढ़ रही हैं। 
 
परसुडीह मंडी स्थित आलू-प्याज के थोक विक्रेता विद्या ट्रेडर्स के संचालक विद्या शंकर के अनुसार, दस दिन पहले तक मंडी में थोक भाव 38 से 40 रुपये प्रति किलो चल रहा था। 
 
मंगलवार को नासिक से 5 ट्रकों में लगभग 150 क्विंटल प्याज की खेप मंडी पहुंची जरूर है, लेकिन थोक दरों में आई तेजी के कारण खुदरा बाजार में भाव तेजी से उबल गए हैं।
 

बरसाती नमी और सड़ांध से घटी आवक

थोक व्यापारियों के मुताबिक, हर साल मानसून के मौसम में नमी और अत्यधिक बारिश के कारण गोदामों में रखा प्याज सड़ने लगता है। इसके चलते बाजार में अच्छी गुणवत्ता वाले प्याज की उपलब्धता में अचानक कमी आ जाती है। 
 
इसका सीधा असर थोक व खुदरा कीमतों पर पड़ता है। हालांकि, इस वर्ष मौसमी तेजी की तुलना में दरों में कुछ अधिक ही उछाल देखा जा रहा है।
 

₹100 प्रति किलो तक जाने की आशंका

व्यापारियों की मानें तो यदि नासिक से आपूर्ति बाधित होती है या आवक में और कमी आती है, तो आने वाले दिनों में प्याज के दाम 80 से 100 रुपये प्रति किलो के स्तर को भी छू सकते हैं। 
 
यदि रोजाना एक से दो रुपये की यह बढ़ोतरी जारी रही, तो जल्द ही आम जनता की थाली से प्याज गायब हो सकता है।