एनआइए के रडार पर एकबार फिर जमशेदपुर, आतंकियों का रहा है पनाहगाह
NIA. लौहनगरी अलकायदा आतंकियों के लिए हमेशा से पनाहगाह (स्लीपिंग सेल) रहा है। इस कारण एक बार फिर जमशेदपुर में आतंकी संगठन से जुड़ाव रखने वाले की तलाश जारी है।
जमशेदपुर, जासं। राष्ट्रीय जांच एजेंसी( एनआइए) ने एक बार फिर पश्चिम बंगाल और केरल में अलग-अलग छापामारी कर आतंकी संगठन से जुड़ाव रखनेवाले नौ लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें बंगाल के मुर्शिदाबाद से चार लोग पकड़े गए हैं। इन सभी से पूछताछ जारी है और देश भर में इनसे जुड़े लोगों की तलाश है। जमशेदपुर की सीमा बंगाल से सटी है, ऐसे में लौहनगरी अलकायदा आतंकियों के लिए हमेशा से पनाहगाह (स्लीपिंग सेल) रहा है। इस कारण एक बार फिर जमशेदपुर में आतंकी संगठन से जुड़ाव रखने वाले की तलाश जारी है।
कारण मानगो, आजादनगर और कपाली से पहले भी आतंकी पकड़े गए हैं। झारखंड एटीएस की टीम का इस इलाके में आना-जाना होता है। झारखंड में अलकायदा का प्रमुख अबु सुफियान है, जो चतरा का रहने वाला है। वह पाकिस्तान में ट्रेनिंग भी ले चुका हैं। यह जानकारी एटीएस को बीते वर्ष जमशेदपुर से पकड़े गए कलीमुद्दीन ने दी थी। आजादनगर के दो युवक फरवरी 2007 में आतंकी संगठन से जुड़े होने के आरोप में पकड़े गए थे जिनकी गतिविधि बंगाल से जुड़ी थी। बंगाल से आतंकियों के पकड़े जाने के बाद जमशेदपुर एक बार फिर एनआइए की रडार पर हैं।
2002 में आया था पहला मामला
जमशेदपुर के सबसे पहले 2002 में आतंकी तार जुड़े होने की जानकारी तब मिली थी जब दिल्ली के अंसल प्लाजा में मुठभेड़ में मारे गए आतंकी शाहनवाज के पास से जमशेदपुर के मानगो के जवाहर नगर का पता वाला लाइसेंस मिला था।
कब किसकी गिरफ्तारी
- 21 सितंबर 2019-झारखंड एटीएस ने आतंकी मानगो निवासी कलीमुद्दीन को टाटानगर रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया। जेल में बंद हैं।
- नौ अगस्त 2017- अलकायदा के संदिग्ध आतंकी आजादनगर निवासी जीशान अली को दिल्ली की स्पेशल टीम ने गिरफ्तार किया था। उसके भाई अर्सियान का अब तक पता नहीं चला। दोनों भाई को अब्दुल रहमान कटकी ने देश से बाहर भेजा था। जीशान अली की शादी बंगलुरू में एक डॉक्टर की बहन से हुई थी। जीशान तिहाड़ जेल में हैं।
- 18 जनवरी 2016- जमशेदपुर के धतकीडीह निवासी अब्दुल समी को हरियाणा से दिल्ली पुलिस ने किया था गिरफ्तार। तिहाड़ जेल में बंद हैं।
- जनवरी 2016 को जमशेदपुर के धातकीडीह से मसूद और अख्तर गिरफ्तार, हथियार बरामद।
- 17 दिसंबर 2015- दिल्ली के सीलमपुर से अलकायदा के भारत प्रमुख मोहम्मद आसिफ को गिरफ्तार किया गया था। आसिफ की बहन जमशेदपुर में रहती है। वो बहन से मिलने दो बार जमशेदपुर आया था।
- 16 दिसंबर 2015- ओडिशा पुलिस ने अलकायदा आतंकी अब्दुल रहमान कटकी को गिरफ्तार किया था। उसने कबूला कि जमशेदपुर में वो कई युवकों को प्रशिक्षित कर चुका था। तिहाड़ जेल में हैं।
- अक्टूबर 2014- एटीएस ने पश्चिम बंगाल के वद्धर्मान में हुए बम विस्फोट मामले में जमशेदपुर के आजाद नगर से शीश महमूद नामक शख्स को गिरफ्तार किया था। एटीएस के अनुसार महमूद जमात उल मुजाहिदीन का सदस्य था।
- 27 अक्टूबर 2013- पटना में हुए ब्लास्ट में एनआइए ने जमशेदपुर से एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया था
- पांच जून 2011- मध्य प्रदेश एटीएस ने मानगो के जाकिर नगर रोड नंबर 13 वेस्ट में दो मंजिला मकान में छापामारी कर इंडियन मुजाहिदीन के आतंकी अबू फैजल और इरशाद को एक महिला के साथ गिरफ्तार किया था।
- 2006- कोलकाता से आई टीम ने अमेरिकन सेंटर में हुए हमले के आरोप में एन मोहम्मद को गिरफ्तार किया था। कोर्ट में मामला साबित नहीं हो सका और आरोपित छूट गए।