शहर में स्वाइन फ्लू को लेकर हाई अलर्ट, डेंगू के भी मरीज मिले
जमशेदपुर में दिल्ली और रांची में बढ़ते मामलों के कारण स्वाइन फ्लू को लेकर हाई अलर्ट जारी किया गया है। ...और पढ़ें

सरकारी और निजी अस्पतालों को स्वाइन फ्लू से निपटने के लिए तत्काल आइसोलेशन वार्ड तैयार रखने का निर्देश दिया गया है।
HighLights
पूर्वी सिंहभूम में स्वाइन फ्लू को लेकर हाई अलर्ट।
अस्पतालों को आइसोलेशन वार्ड तैयार रखने के निर्देश।
डेंगू और मलेरिया के कई नए मामले सामने आए।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। दिल्ली और रांची में स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों को देखते हुए पूर्वी सिंहभूम जिले में स्वास्थ्य विभाग ने हाई अलर्ट जारी कर दिया है।
जिले के सभी सरकारी और निजी अस्पतालों को स्वाइन फ्लू से निपटने के लिए तत्काल आइसोलेशन वार्ड तैयार रखने का निर्देश दिया गया है।
साथ ही, किसी भी संदिग्ध मरीज के मिलने पर तुरंत जिला सर्विलांस विभाग को सूचित करने की हिदायत दी गई है।
एक साथ मिले 5 संदिग्ध मरीज, एमजीएम भेजे गए सैंपल
स्वास्थ्य विभाग के कड़े निर्देशों के बाद अस्पतालों में निगरानी बढ़ा दी गई है। सोमवार को जमशेदपुर के विभिन्न अस्पतालों से स्वाइन फ्लू का एक, डेंगू के तीन और जापानी इंसेफ्लाइटिस (जेई) का एक संदिग्ध मरीज सामने आने से हड़कंप मच गया।
सभी मरीजों के ब्लड सैंपल एकत्र कर जांच के लिए महात्मा गांधी मेमोरियल (एमजीएम) मेडिकल कॉलेज की लैब में भेज दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट बुधवार तक आने की संभावना है।
पटमदा में मिला डेंगू का नया मामला
स्वाइन फ्लू के खतरे के साथ-साथ जिले में डेंगू ने भी स्वास्थ्य महकमे की चिंता बढ़ा दी है। सोमवार को डेंगू के एक नए मरीज की पुष्टि हुई है।
पीड़ित मरीज पटमदा प्रखंड का निवासी है, जिसका इलाज मानगो स्थित गुरुनानक अस्पताल में चल रहा है। इस नए मामले के साथ जिले में कुल पुष्ट डेंगू मरीजों का आंकड़ा बढ़कर 5 हो गया है।
एक ही दिन में मलेरिया के 25 मरीज मिले
जिले के विभिन्न प्रखंडों में सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। सोमवार को चलाए गए अभियान के तहत कुल 3,730 लोगों के रक्त के नमूने जांचे गए।
इस दौरान मलेरिया के 25 नए मरीज पाए गए, जिनमें 14 मरीज गंभीर श्रेणी के 'ब्रेन मलेरिया' (फल्सीपैरम) और 11 सामान्य मलेरिया से पीड़ित हैं।
सिविल सर्जन की अपील: लक्षण दिखते ही तुरंत कराएं जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए पूर्वी सिंहभूम के सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल ने आम जनता से सतर्कता बरतने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में कई तरह की मौसमी बीमारियां और संक्रमण फैलने की आशंका बनी रहती है।
ऐसे में लोगों को जागरूक और बेहद सतर्क रहने की आवश्यकता है। किसी भी बीमारी या तेज बुखार के लक्षण सामने आने पर बिल्कुल भी लापरवाही न बरतें और समय रहते नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं।
