सफाई की जिम्मेवारी का अहसास कराने घर-घर जा रहे अक्षेसकर्मी Jamshedpur News
शहर को साफ-सुथरा रखने व आम जनता को उनकी जिम्मेवारी का अहसास दिलाने के लिए जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति के कर्मचारी घर-घर जाकर लोगों को स्वच्छता का पाठ पढ़ा रहे हैं। इस संबंध में जानकारी देते हुए जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति के विशेष पदाधिकारी
जमशेदपुर (जागरण संवाददाता) । शहर को साफ-सुथरा रखने व आम जनता को उनकी जिम्मेवारी का अहसास दिलाने के लिए जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति के कर्मचारी घर-घर जाकर लोगों को स्वच्छता का पाठ पढ़ा रहे हैं। इस संबंध में जानकारी देते हुए जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति के विशेष पदाधिकारी कृष्ण कुमार ने बताया कि शहर को साफ सुथरा रखने में प्रशासन के साथ ही आम जनता की भी जिम्मेवारी बनती है। यही कारण है कि अक्षेस की ओर से एक टीम घर-घर जाकर लोगों को स्वच्छता के प्रति उनकी जिम्मेवारी का अहसास कराने के लिए जा रही है।
उन्होंने कहा कि जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति साफ सफाई व गुणवत्तापूर्ण सेवा देने के लिए दृढ़
संकल्पित है। विशेष पदाधिकारी ने बताया कि आम नागरिकों को साफ-सफाई से संबंधित किसी भी प्रकार की शिकायत हो तो जमशेदपुर स्वच्छता समिति डोर टू डोर वेस्ट कलेक्शन एवं नालियों तथा सड़कों की सफाई से संबंधित सुपरवाइजर लोगों के घर घर जाकर अपना परिचय एवं मोबाइल नंबर उपलब्ध करा रहे हैं।
कृष्ण कुमार ने बताया कि इसका मकसद है कि आम नागरिकों को साफ सफाई से संबंधित हर प्रकार की सुविधा आसानी से उपलब्ध हो सके। इसी क्रम में आज बिरसा नगर, कदमा, गोलमुरी क्षेत्रों में सुपरवाइजर द्वारा घर-घर जाकर जागरूकता अभियान चलाया गया। यह अभियान लगातार एक माह तक चलाया जाएगा। इससे जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र की अधिकांश जनसंख्या को अपने सुपरवाइजर से परिचय हो सके।