यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 17, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Jamshedpur के सैरात दुकानों के बढ़े किराये पर तत्काल रोक लगायी जाये : रघुबर दास
Jamshedpur News रघुवर ने इस मुद्दे पर सभी जगह के दुकानदार संघों के अपील की है कि वे एकजुट होकर ...और पढ़ें

जमशेदपुर : झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री सह भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुबर दास ने जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति की ओर से सैरात बाजार के अंतर्गत आने वाली दुकानों के किराये में भारी वृद्धि को अनुचित बताया। रघुवर दास ने सरकार से आग्रह किया है, कि तत्काल इस बढ़े हुए किराये पर रोक लगाकर इसका उचित समाधान निकाला जाये।
उन्होंने इस सिलसिले में कहा है कि सभी संबंधित दुकानदार गुस्से में हैं। अक्षेस द्वारा दुकानदारों को लगभग सात सौ प्रतिशत किराया बढ़ाकर बिल भेजा जा रहा है। कल तक जिस दुकानदार से 24 रुपये किराया लिए जा रहे थे, उन्हें 16048 रुपये का किराया भुगतान का बिल दिया जा रहा है। मतलब बीस वर्गफीट की जिस दुकान के लिए पहले 24 रुपये किराया लिया जाता था, अब उनसे 80 रुपये प्रति वर्गफीट की दर से नया किराया भुगतान के लिए कहा जा रहा है। जिन दुकानों का किराया पहले 250 रुपये था, उसे 50 हजार भुगतान के लिए कहा जा रहा है। पहली नजर में यह अनुचित लगता है। रघुवर दास ने इस किराया वृद्धि को अंधेर नगरी चौपट राजा की कहावत चरितार्थ करने जैसा बताया है।
रघुवर ने इस मुद्दे पर सभी जगह के दुकानदार संघों के अपील की है कि वे एकजुट होकर इस मामले को उपायुक्त के समक्ष रखें। इसके साथ ही उन्होंने सरकार से मांग की है, कि इन दुकानदारों पर लादा जा रहा अनुचित किराया का मामला तत्काल स्थगित कर दिया जाये। मामले को सुलझाने के लिए एक त्रिपक्षीय समिति का गठन किया जाये। इस समिति में दुकानदारों का प्रतिनिधि, अक्षेस का विशेषज्ञ और जिला प्रशासन के प्रतिनिधि को शामिल जाये।
जल कनेक्शन शुल्क लेने का विरोध
जमशेदपुर: पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने जमशेदपुरवासियों से न्यू वाटर कनेक्शन के लिए कनेक्शन शुल्क लिए जाने का कड़ा विरोध किया है। उन्होंने कहा कि झारखंड में जब जल कनेक्शन के लिए कोई शुल्क नहीं लेने का प्रावधान है, तो जमशेदपुर में जिन लोगों ने अभी तक कनेक्शन नहीं लिया है,उनसे क्यों कनेक्शन शुल्क लिया जा रहा है। रघुवर दास ने सरकार से आग्रह किया है कि जमशेदपुर के निवासियों से नया वाटर कनेक्शन लेने पर कोई कनेक्शन शुल्क नहीं लिया जाये।
