बिरसानगर में टुसू पर झूमे लोग, मांदर की थाप पर गूंजता रहा क्षेत्र
लौहनगरी में टुसू पर्व का उल्लास थम नहीं रहा है। सोमवार को बिरसानगर में आयोजित टुसू मेला में लोग जमकर झूमे। मांदर और ढोल की थाप पर समूचा क्षेत्र गूंजता रहा। हर एक की जुबां पर टुसू गीत था। सार्वजनिक सिदो-कान्हू विशाल टुसू मेला कमेटी बिरसानगर जोन नंबर 3 कुंआ मैदान में आयोजित मेला में झारखंडी सांस्कृतिक कार्यक्रम व फैंसी वेश-भूषा में शामिल होने वालों को पुरस्कृत किया गया।
जासं, जमशेदपुर : लौहनगरी में टुसू पर्व का उल्लास थम नहीं रहा है। सोमवार को बिरसानगर में आयोजित टुसू मेला में लोग जमकर झूमे। मांदर और ढोल की थाप पर समूचा क्षेत्र गूंजता रहा। हर एक की जुबां पर टुसू गीत था। सार्वजनिक सिदो-कान्हू विशाल टुसू मेला कमेटी, बिरसानगर जोन नंबर 3 कुंआ मैदान में आयोजित मेला में झारखंडी सांस्कृतिक कार्यक्रम व फैंसी वेश-भूषा में शामिल होने वालों को पुरस्कृत किया गया। मौके पर खेलकूद का भी आयोजन किया गया।
मेला में क्षेत्र के विधायक सरयू राय भी शामिल हुए। उन्होंने मेला का आनंद उठाते हुए कहा कि संस्कृति और सभ्यता के बगैर किसी समाज का अस्तित्व नहीं रहता। टुसू संपन्नता के प्रतीक का पर्व है। उन्होंने विजेता टुसू और चौड़ल को पुरस्कृत भी किया। मेला आयोजन समिति की ओर से प्रथम से पांचवें स्थान तक सर्वश्रेष्ठ टुसू और चौड़ल का चयन किया गया।
इसमें पहले स्थान पर आड़की खूंटी के शशिधर महतो, दूसरा मंगल सरदार, बागुनहातु, तीसरा सुकु धीवर बालीगुमा, चौथा फटीक धीवर लुआबासा और पांचवां चिंटू महतो जोराईडीह को पुरस्कृत किया गया। मौके पर छोटू लोहरा, मनोहर सिंह, सजल दत्ता, गणेश लोहरा, उज्जवल कुमार दत्ता, जीतू गोराई, रंजीत सिंह, किंग कुजूर, दलगोविंद लोहरा, कल्याण मुखर्जी समेत बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।
उधर, बिष्टुपुर स्थित गोपाल मैदान में मंगलवार को विशाल टुसू महोत्सव का आयोजन होगा। झारखंडवासी एकता मंच के तत्वावधान में आयोजित विशाल महोत्सव में मादर और ढोल की थाप पर पूरा शहर थिरकेगा। विशाल चौड़ल व टुसू प्रतिमा के साथ बुढ़ी गाड़ी नाच देखने का सबको मौका मिलेगा। चारों ओर झारखंड की पारंपरिक सांस्कृतिक झलक देखने को मिलेगा। विशाल टुसू महोत्सव में झारखंड के अलावा पश्चिम बंगाल और ओडिशा के सीमावर्ती इलाके के लोग भी टुसू प्रतिमा और चौड़ल लेकर शामिल होंगे। मेला की तैयारी को देखने के लिए सांसद विद्युत वरण महतो व अन्य देखने के लिए पहुंचे।
महोत्सव के मुख्य संयोजक आस्तिक महतो ने बताया कि महोत्सव में संयुक्त बिहार विधानसभा के अध्यक्ष रहे देवेंद्र चांपिया समेत जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो शामिल होंगे। इनके साथ ही जमशेदपुर पश्चिम के विधायक, जुगसलाई, पोटका, घाटशिला, बहरागोड़ा व ईचागढ़ के विधायक, पूर्व सांसद शैलेंद्र महतो, सुमन महतो समेत कई गणमान्य लोग शामिल होंगे।