प्रकृति की खूबसुरती निहारनी है तो यहां आइए, दो पहाड़ों के बीच बही नदी आपको करेगी मोहित
दो ऊंचे पहाड़ों के बीच बहती स्वर्णरेखा की जलधाराएं लोगों को आनंदित करती हैं। वहीं पानी पर अटखेलिया करतीं मछलिया लोगों को अपनी ओर आकर्षित करती है।
जमशेदपुर, दिलीप कुमार। जमशेदपुर शहर से रांची जाने वाले मार्ग पर करीब दस किलोमीटर दूर स्थित पिकनिक स्पॉट कांदरबेड़ा में नए साल के स्वागत और सूर्योपासना के महापर्व छठ के मौके पर पर्यटकों की भीड़ लगी रहती है। प्रकृति ने कांदरबेड़ा में अपने अनुपम छटा बिखेरी है। दो ऊंचे पहाड़ों के बीच बहती स्वर्णरेखा की जलधाराएं लोगों को आनंदित करती हैं। वहीं पानी पर अटखेलिया करतीं मछलिया लोगों को अपनी ओर आकर्षित करती है।
नहीं है सुविधा, पर जुटते हैं लोग
कांदरबेड़ा पिकनिक स्पॉट पर किसी भी तरह की कोई सुविधा उपलब्ध नहीं है, बावजूद नववर्ष के पहले दिन और सूर्योपासना के महापर्व छठ के मौके पर यहां लोगों का जुटान होता है। बालू के विशाल मैदान और नदी के दोनों ओर पहाड़ों की श्रृंखला लोगों को अपनी ओर आकर्षित करती है। यहां से दो किलोमीटर की दूरी पर टाटा-रांची राष्ट्रीय राजमार्ग-33 है। मुख्य सड़क के किनारे कई होटल व रेस्टोरेंट है, जहा भोजन और ठहरने की उत्तम व्यवस्था है।
सुविधाएं मिले तो बढ़ेगा राजस्व
कांदरबेड़ा पहुंचने वाले सैलानियों को सरकार सुविधाएं उपलब्ध कराए तो रोजगार के साथ राजस्व भी बढ़ेगा। हरे-भरे पहाड़ों के किनारे मनोरम वादियों में सैलानियों के ठहरने और खाने-पीने की व्यवस्था के साथ कल-कल करती जलधारा में जल क्रीड़ा के संसाधन मुहैया कराकर सरकार दूर-दराज के सैलानियों को भी लुभा सकती है। ऐसे पहुंचे कांदरबेड़ा
जमशेदपुर के सोनारी के सामने स्वर्णरेखा नदी पर बने नए पुल से टाटा-रांची राष्ट्रीय राजमार्ग 33 की ओर जाने वाली सड़क पर पुल से करीब आठ किलोमीटर दूरी पर कांदरबेड़ा पिकनिक स्पॉट मिलेगा। नई सड़क के बनने से सैलानियों को स्पॉट पहुंचने में परेशानी नहीं होगी। वहीं टाटा-रांची राष्ट्रीय राजमार्ग 33 के कांदरबेड़ा से करीब दो किलोमीटर दक्षिण में पिकनिक स्पॉट स्थित है।