जमशेदपुर में नकली बम की धमकी देकर लूटना चाहता था मोबाइल शॉप, दुकानदारों की हिम्मत से सलाखों के पीछे पहुंचा लुटेरा
जमशेदपुर के डिमना रोड स्थित एरिक्सन मोबाइल दुकान में एक युवक ने चाकू दिखाकर और बैग में बम होने की धमकी देकर लूट का प्रयास किया।

स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मानगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले आई।
HighLights
युवक ने चाकू दिखाकर और बम की धमकी देकर लूट का प्रयास किया।
दुकानदारों ने बहादुरी से युवक को पकड़ा, पुलिस के हवाले किया।
जांच में पता चला बैग में बम नहीं, स्पीकर था।
जासं, जमशेदपुर। मानगो थाना क्षेत्र स्थित डिमना रोड के एरिक्सन मोबाइल दुकान में सोमवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब एक युवक ने बैग में बम होने की धमकी देकर और चाकू दिखाकर लूट की कोशिश की।
हालांकि, स्थानीय दुकानदारों ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए युवक को मौके पर ही दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
आरोपी युवक एक बैग लेकर डिमना रोड स्थित एरिक्सन मोबाइल शॉप में दाखिल हुआ। उसने अचानक चाकू निकालकर दुकानदार को धमकाना शुरू कर दिया और लूट का प्रयास किया।
माहौल में दहशत पैदा करने के लिए उसने दावा किया कि उसके बैग में बम रखा हुआ है। धमकी के साथ ही बैग से एक अजीब आवाज (रिंग) आने लगी, जिससे दुकान और आसपास के इलाके में कुछ देर के लिए हड़कंप मच गया।
लोग अनहोनी की आशंका से सहम गए। लेकिन आसपास के कुछ दुकानदारों ने सूझबूझ और हिम्मत दिखाई। उन्होंने योजना बनाकर युवक को चारों तरफ से घेर लिया और उसे काबू में कर लिया।
जब दुकानदारों ने आरोपी के बैग की तलाशी ली, तो उसमें से कोई विस्फोटक या बम नहीं, बल्कि एक साधारण स्पीकर बरामद हुआ।
जांच में सामने आया कि युवक अपने मोबाइल से ब्लूटूथ जोड़कर स्पीकर में रिंग बजा रहा था, ताकि लोगों में बैग के भीतर बम होने का भ्रम पैदा किया जा सके।
स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मानगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले आई।
पुलिस फिलहाल आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि युवक का नाम-पता क्या है, वह कहां से आया था और इस वारदात को अंजाम देने के पीछे उसका क्या मकसद था।
