दुर्गापूजा से पहले राहत की उम्मीद: 57 पिलरों पर आकार ले रहा ₹252 करोड़ का मानगो फ्लाईओवर, जानिए क्यों टली डेडलाइन
जमशेदपुर के मानगो में 252 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे फ्लाईओवर का पहला चरण दुर्गापूजा से पहले अक्टूबर में खुलेगा।

सितंबर में चालू होने वाला फ्लाईओवर का एक हिस्सा अब दुर्गापूजा से पहले यातायात के लिए खोला जाएगा।
HighLights
मानगो फ्लाईओवर का पहला चरण अक्टूबर में होगा शुरू।
गांधी घाट से डिमना रोड तक वन-वे यातायात संभव।
252 करोड़ की परियोजना से जाम से मिलेगी राहत।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। मानगो और आसपास के घने आबादी वाले इलाकों को वर्षों पुराने भीषण जाम से स्थायी राहत दिलाने के लिए स्वर्णरेखा नदी पर बन रहे पुल सह फ्लाईओवर का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है।
हालांकि, भारी बारिश, बाढ़, वन विभाग की जमीन के अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) और टाटा स्टील के हाईटेंशन बिजली टावर के स्थानांतरण में हो रही देरी के कारण परियोजना की समयसीमा आगे खिसक गई है।
पहले सितंबर में चालू होने वाला फ्लाईओवर का एक हिस्सा अब अक्टूबर (दुर्गापूजा से पहले) में यातायात के लिए खोला जाएगा।
पहले चरण में गांधी घाट से डिमना रोड तक मिलेगा वन-वे रास्ता
निर्माण एजेंसी के अनुसार, पहले चरण में गांधी घाट की तरफ से वाहन फ्लाईओवर पर चढ़कर डिमना रोड की ओर उतर सकेंगे। यानी शुरुआत में यह मार्ग मुख्य रूप से एक तरफा (वन-वे) उतरने वाले यातायात के लिए ही उपयोगी होगा।
न्यू पुरुलिया रोड और डिमना रोड की ओर से फ्लाईओवर पर चढ़कर शहर में प्रवेश करने वाले वाहन चालकों को पूरे प्रोजेक्ट के पूरा होने तक इंतजार करना पड़ेगा।
252 करोड़ की परियोजना में दो बड़ी प्रशासनिक-तकनीकी बाधाएं
कुल 252 करोड़ रुपये की लागत से बन रही यह परियोजना 57 पिलरों पर आधारित है। स्वर्णरेखा नदी पर सभी पिलरों का निर्माण कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है।
योजना के तहत डिमना रोड की ओर फोरलेन (4-Lane) और न्यू पुरुलिया रोड की ओर टू-लेन (2-Lane) फ्लाईओवर प्रस्तावित है।
वर्तमान में काम की रफ्तार में दो बड़ी बाधाएं बनी हुई हैं:
- वन विभाग की जमीन: मानगो की ओर वन विभाग की जमीन का हस्तांतरण न होने से न्यू पुरुलिया रोड की ओर का निर्माण फंसा हुआ है।
- हाईटेंशन टावर: हाथी-घोड़ा मंदिर के सामने वर्कर्स फ्लैट के पास टाटा स्टील के हाईटेंशन बिजली टावर और ओवरहेड तारों को हटाने का काम लंबित है।
निर्माण एजेंसी का कहना है कि जिन हिस्सों में कोई बाधा नहीं है, वहां दिन-रात काम चल रहा है। दुर्गापूजा से पहले पहले चरण के चालू होने से मानगो चौराहे और डिमना रोड पर ट्रैफिक का दबाव काफी हद तक कम होने की संभावना है।
