जमशेदपुर में मानगो पुल पर ओवरटेक को लेकर दो पूजा कमेटियों में भिड़ंत, पुलिस ने भांजी लाठियां
जमशेदपुर के मानगो पुल पर विसर्जन जुलूस से लौटते समय वाहनों को ओवरटेक करने को लेकर दो पूजा समितियों के सदस्यों में हिंसक झड़प हो गई।

पुलिस ने लाठियां भांजकर भीड़ को तितर-बितर किया और स्थिति को नियंत्रण में लाकर यातायात बहाल किया।
जासं, जमशेदपुर। शहर के मानगो पुल पर बुधवार देर रात विसर्जन जुलूस से लौट रहे वाहनों को ओवरटेक करने को लेकर दो पूजा समितियों के सदस्यों के बीच हिंसक झड़प हो गई।
इस दौरान एक वाहन का शीशा भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी और भारी तनाव का माहौल बन गया।
घटना रात करीब 11 बजे की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों पूजा कमेटियों के वाहन विसर्जन के बाद वापस लौट रहे थे। इसी दौरान आगे निकलने (ओवरटेक) के प्रयास को लेकर मामूली कहासुनी शुरू हो गई।
जो देखते ही देखते हाथापाई और तनातनी में बदल गई। विवाद के कारण मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे स्थिति गंभीर होती चली गई।
तनाव बढ़ता देख ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल ने तुरंत हस्तक्षेप किया। भीड़ को तितर-बितर करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस को लाठियां भांजनी पड़ीं।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों पक्षों के उग्र सदस्यों को खदेड़ा और समझा-बुझाकर शांत कराया। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में आ गई और यातायात सुचारू रूप से बहाल हो सका। प्रशासन ने ऐहतियात के तौर पर इलाके में गश्त बढ़ा दी है।
