इश्क, पैसा और कत्ल: ओडिशा में सगाई के अगले दिन प्रेमिका की हत्या कर जमशेदपुर भागा आरोपी दबोचा गया
ओडिशा के जगतसिंहपुर में प्रेमिका सस्मिता दास की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी सूर्यकांत स्वैन को जमशेदपुर से गिरफ्तार ...और पढ़ें

सस्मिता दास की फाइल फाेटो।
HighLights
ओडिशा प्रेमिका हत्याकांड का आरोपी जमशेदपुर से गिरफ्तार।
पांच साल के प्रेम संबंध, लाखों का विवाद था।
सगाई के अगले दिन गला रेतकर की हत्या।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। ओडिशा के जगतसिंहपुर जिले में हुई सस्मिता दास (डॉली) की सनसनीखेज हत्या के तार औद्योगिक शहर जमशेदपुर से जुड़े हैं। इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने वाला मुख्य आरोपित सूर्यकांत स्वैन, जो जमशेदपुर की एक निजी कंपनी में कार्यरत है, उसे ओडिशा पुलिस ने अभियान चलाकर जमशेदपुर से गिरफ्तार कर लिया है।
5 साल का प्रेम प्रसंग और लाखों का विवाद
पुलिस जांच के अनुसार, आरोपित सूर्यकांत और मृतका सस्मिता के बीच पिछले पांच वर्षों से प्रेम संबंध थे। दोनों ने आपस में प्रतीकात्मक विवाह भी कर लिया था।
रिश्तों के साथ-साथ उनके बीच संपत्ति लेनदेन भी जुड़ा था। मकान निर्माण को लेकर दोनों के बीच लाखों रुपये का विवाद चल रहा था।
सगाई बनी हत्या की वजह
मामले में मोड़ तब आया जब 19 अप्रैल को सस्मिता की सगाई भद्रक के एक अन्य युवक से हो गई। अपनी प्रेमिका की दूसरी जगह सगाई और पैसों के विवाद ने सूर्यकांत को बदला लेने के लिए उकसाया।
उसने सगाई के अगले ही दिन यानी 20 अप्रैल को हत्या की साजिश रची। उसने परिवार से झूठ बोला कि वह ड्यूटी के लिए जमशेदपुर जा रहा है, लेकिन वह इलाके में ही छिपा रहा।
सुनसान खेत में गर्दन रेतकर उतारा मौत के घाट
20 अप्रैल की रात करीब 8 बजे सूर्यकांत ने सस्मिता को फोन कर मिलने बुलाया। कॉल डिटेल (CDR) से पता चला है कि उस वक्त दोनों के बीच तीखी बहस हुई थी।
आरोपित सस्मिता को अपनी बाइक पर बिठाकर जोगधारी गांव के पास एक सुनसान खेत में ले गया, जहां उसने धारदार हथियार से उसकी गर्दन रेत दी। वारदात को अंजाम देने के बाद वह फरार होकर जमशेदपुर आ गया और यहां छिपकर रहने लगा।
मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार
सस्मिता का अर्द्धनग्न शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। मृतका के पिता प्रमोद दास की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू की।
पुलिस यौन उत्पीड़न के एंगल से भी जांच कर रही है और मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार है। फिलहाल, ओडिशा पुलिस आरोपी को जमशेदपुर से ट्रांजिट रिमांड पर ले गई है और जल्द ही क्राइम सीन रीक्रिएट किया जाएगा।
