Lockdown : किराए पर रह रही महिला का खत्म हो गया था राशन, थाना प्रभारी के साथ घर पहुंच की मदद Jamshedpur News
दैनिक मजदूरी कर घर चलानेवाली इस महिला के घर का राशन खत्म हो गया था और पैसे भी नहीं थे। दो-तीन दिन से मुढ़ी के सहारे काम चल रहा था।
जमशेदपुर (जागरण संवददाता)। बर्मामाइंस थाना क्षेत्र अंतर्गत भक्ति नगर में किराए के मकान मेंं अपने आठ वर्षीय पुत्र के साथ रह रही लखप्रीत कौर पर लॉकडाउन भारी पड़ रहा था।
दैनिक मजदूरी कर घर चलानेवाली इस महिला के घर का राशन खत्म हो गया था और पैसे भी नहीं थे। दो-तीन दिन से मुढ़ी के सहारे काम चल रहा था। लखप्रीत कौर ने सुभाष युवा मंच के अध्यक्ष पारस नाथ मिश्रा को फोन कर अपनी व्यथा सुनाई और मदद की गुहार लगाई।
उसने यह भी बताया कि वह आठ वर्षीय पुत्र के साथ किराये के मकान में रहती है। पति प्रकाश सिंह ने दूसरी शादी कर ली है और पटना में रहने लगा है। बागबेड़ा थाना प्रभारी राजेश कुमार सिंह को साथ लेकर सुभाष युवा मंच के अध्यक्ष पारस नाथ मिश्रा लखप्रीत के घर पहुंचे।
निजी खर्च से एक सप्ताह का राशन देने के अलावा आर्थिक सहयोग भी किया। बागबेड़ा थाना प्रभारी राजेश कुमार सिंह ने कहा कि प्रशासन हमेशा अच्छे लोगों के साथ है और सामाजिक सेवा करनेवालों के मनोबल को बढ़ाने में भी तत्पर है। मंच के अध्यक्ष पारसनाथ मिश्रा ने कहा कि उनकी संस्था जरूरतमंदों की सेवा के लिए हर समय तत्पर है। आगे भी जब जैसी जरूरत पड़ेगी वे मदद करेंगे। ज्ञात हो कि यह संस्था प्रतिदिन गरीबों को भोजन कराने में लगातार जुटी हुई है।