कदमा में बंद मकान को चोरों ने बनाया निशाना: अलमारी खंगालकर सोने-चांदी के गहने व नकदी पार
जमशेदपुर के कदमा में एक बंद मकान को चोरों ने निशाना बनाया, जहां से लाखों के सोने-चांदी के आभूषण और ...और पढ़ें

पदमा रोड स्थित LIT टाइप में शुक्रवार शाम चोरों ने महज डेढ़ घंटे के भीतर मकान का ताला तोड़ दिया।
HighLights
कदमा में बंद मकान से लाखों के गहने व नकदी चोरी।
चोरों ने महज डेढ़ घंटे में वारदात को दिया अंजाम।
पुलिस रेकी की आशंका पर सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही।
जासं, जमशेदपुर। कदमा थाना क्षेत्र में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाकर पुलिस को खुली चुनौती दी है। पदमा रोड स्थित LIT टाइप में शुक्रवार शाम चोरों ने महज डेढ़ घंटे के भीतर मकान का ताला तोड़ दिया।
इसके बाद लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण व नकदी लेकर चंपत हो गए। घटना के समय परिवार के लोग मेला देखने गए हुए थे।
जब परिजन वापस लौटे, तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला और घर के अंदर अलमारी का सामान बिखरा पड़ा था।
डेढ़ घंटे में दे दिया वारदात को अंजाम
पीड़ित मकान मालिक विश्वनाथ राना के अनुसार, वे परिवार के साथ शाम करीब 7:30 बजे घर में ताला लगाकर मेला देखने निकले थे।
रात लगभग 8:50 बजे जब वे वापस लौटे, तो चोरी का खुलासा हुआ। चोरों ने पहले मुख्य दरवाजे का कुंडी-ताला तोड़ा और सीधे अलमारी को निशाना बनाया।
अलमारी का लॉक तोड़कर चोरी:
- सोने के आभूषण: गले का सेट, चेन और अंगूठी।
- चांदी के गहने: 6 जोड़ी पायल, 7 अंगूठियां और 4 बिछिया।
- नकद: अलमारी में रखे ₹5,000 नकद।
रेकी की आशंका, पुलिस जांच में जुटी
परिवार के घर से निकलने और लौटने के बीच महज डेढ़ घंटे का ही फासला था। इतने कम समय में घर में दाखिल होकर केवल कीमती सामान खंगाल लेना कई सवाल खड़े कर रहा है।
पुलिस इस बिंदु पर गंभीरता से जांच कर रही है कि क्या चोर पहले से घर की रेकी कर रहे थे और उन्हें परिवार के बाहर जाने की सटीक जानकारी थी।
CCTV फुटेज खंगाल रही कदमा पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही कदमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। आसपास के मकानों और मुख्य मार्गों पर लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि संदिग्धों की आवाजाही का पता लगाया जा सके।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस घटना में किसी स्थानीय गिरोह का हाथ है या बाहरी अपराधियों ने इस वारदात को अंजाम दिया है।
