Jamshedpur News: विद्युत वरण महतो को उत्कृृष्ट सांसद का पुरस्कार, ये है खास वजह
Jamshedpur News. लोकसभा में प्रश्नकाल में सबसे ज्यादा सवाल पूछने वाले शीर्ष-9 सांसदों में विद्युत वरण महतो सातवें नंबर पर रहे। इसके अलावा विद्युत को विकास कार्यों में किए गए खर्च के लिए उत्कृष्ट श्रेणी का पुरस्कार भी दिया जाएगा।
जमशेदपुर, जासं। लोकसभा में प्रश्नकाल में सबसे ज्यादा सवाल पूछने वाले शीर्ष-9 सांसदों में विद्युत वरण महतो सातवें नंबर पर रहे। इसके अलावा विद्युत को विकास कार्यों में किए गए खर्च के लिए उत्कृष्ट श्रेणी का पुरस्कार भी दिया जाएगा।
संसद में शत प्रतिशत उपस्थिति के लिए भी सांसद विद्युत वरण महतो का नाम शामिल हैं।
वित्तीय वर्ष 2020-21 की समाप्ति पर सबसे ज्यादा 261 सवाल पूछने में विद्युत वरण महतो के अलावा मंदसौर (मध्यप्रदेश) के भाजपा सांसद सुधीर गुप्ता के साथ संयुक्त रूप से सातवें स्थान पर हैं। लोकसभा में सांसद विद्युत वरण महतो का यह दूसरा कार्यकाल है। इस उपलब्धि पर कई गणमान्य समेत आम लोगों में भी खुशी है। इससे पूरे पूर्वी सिंहभूम जिले का सम्मान बढ़ा है। सांसद ने जिले की तमाम अहम समस्याओं को ना केवल संसद में प्रभावी तरीके से रखा, बल्कि कई अहम समस्याओं का हल भी कराया। इसमें टाटा-रांची राष्ट्रीय उच्चपथ पर जमशेदपुर की सीमा से सटे डिमना चौक से पारडीह चौक तक एलिवेटेड कॉरिडोर की स्वीकृति प्रमुख है।
बहरागोडा के विधायक रह चुके हैं विद्युत
इसके अलावा जमशेदपुर के युवाओं को प्रोत्साहित करने तथा उनकी प्रतिभा को निखारने के लिए बीते दिनों उनके द्वारा विभिन्न खेलों का भी आयोजन कराया गया था, जिसमें जमशेदपुर के तमाम खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शन का अवसर मिला। सांसद का रूख विकास कार्यों को लेकर भी बेहद गंभीर रहा है। सांसद विद्युत इससे पहले बहरागोड़ा विधानसभा क्षेत्र के विधायक भी रह चुके हैं। विधायक होने के दौरान उन्होंने न सिर्फ बहरागोड़ा की जनता की समस्याओं को भलीभांति महसूस करते हुए कार्ययोजना तैयार की, वरन उसे हकीकत में भी परिवर्तित करने का काम किया। उसी का नतीजा है कि आज भी बहरागोड़ा की जनता उनके सहयोगात्मक रवैये को लेकर चर्चा करती है। यह रैकिंग सदन में उठाए गए सवाल, चर्चाओं में भागीदारी और सांसद के क्षेत्र के विकास के कार्य से योजना के आधार पर तय किया जाता है।