जमशेदपुर के बागबेड़ा में ज्वेलरी दुकान में चोरी: दीवार तोड़कर पांच लाख के आभूषण और डीवीआर ले उड़े चोर
जमशेदपुर के बागबेड़ा में श्री दुर्गा ज्वेलर्स से चोरों ने पिछली दीवार तोड़कर लगभग पांच लाख रुपये के आभूषण चुरा ...और पढ़ें

सोमवार सुबह जब वे करीब 10 बजे दुकान खोलने पहुंचे, तो भीतर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए।
HighLights
जमशेदपुर के बागबेड़ा में श्री दुर्गा ज्वेलर्स में चोरी की घटना।
चोरों ने पिछली दीवार तोड़कर पांच लाख के आभूषण चुराए।
सीसीटीवी डीवीआर भी ले गए, पुलिस जांच में जुटी।
जासं, जमशेदपुर। जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना क्षेत्र के लाल बिल्डिंग चौक स्थित श्री दुर्गा ज्वेलर्स में चोरी की घटना हुई। चोर दुकान की पिछली दीवार तोड़कर अंदर घुसे।
करीब पांच लाख रुपये मूल्य के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। इस घटना से स्थानीय व्यवसायियों में हड़कंप मच गया है। दुकान के संचालक रुद्रदेव कुमार वर्मा के अनुसार, वे रविवार दोपहर को अपनी दुकान बंद कर घर गए थे।
सोमवार सुबह जब वे करीब 10 बजे दुकान खोलने पहुंचे, तो भीतर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। दुकान का सारा सामान बिखरा हुआ था और पिछली दीवार में बड़ा सा सेंध लगा हुआ था।
जांच करने पर पता चला कि दुकान से दो किलो से अधिक चांदी के आभूषण और अन्य कीमती सामान गायब हैं। चोरी गए सामान की कुल अनुमानित कीमत लगभग पांच लाख रुपये आंकी गई है।
वारदात को बेहद शातिर तरीके से अंजाम दिया गया है। चोरों ने अपनी पहचान छिपाने के उद्देश्य से दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर (डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर) भी उखाड़ लिया और अपने साथ ले गए।
इससे यह आशंका जताई जा रही है कि चोरों ने इस घटना को पूरी पूर्व तैयारी और रेकी के बाद अंजाम दिया है। लाल बिल्डिंग चौक जैसे व्यस्त और प्रमुख व्यावसायिक इलाके में इस तरह की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
चोरों ने जिस इत्मीनान से दीवार में सेंध लगाई और वारदात को अंजाम दिया, उससे यह साफ है कि उन्हें इलाके की अच्छी जानकारी थी।
सूचना मिलते ही बागबेड़ा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया। पुलिस आसपास के अन्य प्रतिष्ठानों और रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरों के आने-जाने के मार्ग और उनकी संख्या का सुराग मिल सके।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा, हालांकि चोरी गए सामान की वास्तविक कीमत का आकलन अभी किया जा रहा है।
