विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिमांशु हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई: खाटू श्याम मंदिर जाते समय राजस्थान से दबोचा गया भाजपा नेता नीरज सिंह

Published: Sun, 05 Jul 2026 11:51 PM (IST)

जमशेदपुर के हिमांशु सिंह हत्याकांड में भाजपा नेता नीरज सिंह को राजस्थान से गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में ...और पढ़ें

हिमांशु की प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर।

हिमांशु की प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर।

HighLights

  1. डीडी बार प्रबंधक विजय कुमार भी हिरासत में।

  2. मुख्य शूटर विश्वनाथ मंडल अभी भी फरार।

जासं, जमशेदपुर। बिष्टुपुर के चर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड में जमशेदपुर पुलिस की विशेष जांच टीम (SIT) को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। मामले के नामजद आरोपी, डीडी (DD) बार के मालिक और भाजपा नेता नीरज सिंह को राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया गया है। 
 
बताया जा रहा है कि नीरज सिंह अपने पुत्र के साथ राजस्थान के प्रसिद्ध खाटू श्याम मंदिर में दर्शन के लिए जा रहे थे, इसी दौरान स्थानीय पुलिस की मदद से उन्हें दबोच लिया गया। 
 
इसके तुरंत बाद, जमशेदपुर एसआईटी की टीम राजस्थान पहुंची और कानूनी प्रक्रियाओं को पूरा किया। हालांकि, पुलिस अधिकारियों ने इस हाई-प्रोफाइल गिरफ्तारी की देर रात तक आधिकारिक पुष्टि नहीं की थी।
 
इसके साथ ही, मामले में एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने डीडी बार के प्रबंधक विजय कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया है, जिसकी पुष्टि नीरज सिंह की पत्नी संध्या सिंह ने की है। गौरतलब है कि सोमवार को ही अदालत में नीरज सिंह की अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई होनी थी।
 

छापेमारी में ₹3.5 करोड़ की लग्जरी कार जब्त 

नीरज सिंह की तलाश में एसआईटी की टीमें लगातार उनके मानगो स्थित आवास सहित कई संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही थीं। इस दबिश के दौरान पुलिस ने उनके आवास से करीब साढ़े तीन करोड़ रुपये मूल्य की एक लग्जरी कार सहित दो वाहन पहले ही जब्त कर लिए थे। 
 
आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस टीमों ने कोलकाता, बेंगलुरु और अन्य पड़ोसी राज्यों में भी लगातार छापेमारी की थी। मृतक हिमांशु सिंह के पिता अरविंद सिंह की शिकायत पर बिष्टुपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। 
 
27 जून की रात डीडी बार परिसर में हिमांशु सिंह, प्रत्युष आनंद और उनके साथियों का दूसरे पक्ष के युवकों से विवाद हुआ था।


वारदात की मुख्य बातें: 

  •     हथियारों से हमला: आरोप है कि विवाद के बाद आरोपियों ने कुल्हाड़ी, चाकू, चापड़ और अन्य धारदार हथियारों से हमला कर हिमांशु और प्रत्युष को लहूलुहान कर दिया। यह पूरी घटना मौके पर मौजूद पुलिस की उपस्थिति में हुई।
  •     इलाज के दौरान मौत: गंभीर रूप से घायल हिमांशु सिंह ने 29 जून को टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) में दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे घायल प्रत्युष आनंद का कोलकाता के अपोलो अस्पताल में इलाज चल रहा है।


₹2 लाख का इनामी मुख्य शूटर अब भी फरार 

इस मामले में दर्ज प्राथमिकी में नीरज सिंह, बार प्रबंधक विजय कुमार, सोनू राम सरदार, विश्वनाथ मंडल, राहुल, राज लोहार, अमित लोहार सहित कई अन्य को नामजद किया गया है। अब तक पुलिस तीन किशोरों (नाबालिगों) सहित सोनू राम सरदार और राज लोहार को जेल भेज चुकी है।

बड़ी चुनौती: मामले का मुख्य आरोपी और दो लाख रुपये का इनामी शूटर विश्वनाथ मंडल अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। पुलिस के बढ़ते दबाव को देखते हुए सूत्रों का कहना है कि वह सोमवार को अदालत में आत्मसमर्पण कर सकता है।

नीरज सिंह और बार प्रबंधक की गिरफ्तारी के बाद एएसपी ऋषभ द्विवेदी के नेतृत्व में एसआईटी की एक उच्च स्तरीय बैठक हुई, जिसमें फरार अपराधियों की धरपकड़ के लिए आगे की रणनीति तैयार की गई है।

यह भी पढ़ें- पुलिस के सामने मारा गया मेरा इकलौता बेटा- हिमांशु सिंह मर्डर केस में पिता अरविंद सिंह ने की CBI जांच की मांग

यह भी पढ़ें- हिमांशु मर्डर केस: बार के CCTV फुटेज में मिले कई संदिग्ध चेहरे, राहुल दुबे की तलाश

यह भी पढ़ें- 'पुलिसवालों पर दर्ज हो मर्डर केस', हिमांशु सिंह हत्याकांड पर BJP का हल्लाबोल, झारखंड बंद करने की चेतावनी