विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Jharkhand Heatwave: जमशेदपुर में लू लगने से महिला की मौत, 48 घंटे में दूसरी घटना; अस्पताल में बढ़े मरीज

Published: Sat, 23 May 2026 07:09 AM (IST)

जमशेदपुर में भीषण गर्मी का कहर जारी है, जहां बागबेड़ा में एक महिला की बेहोश होकर गिरने से मौत हो ...और पढ़ें

अस्पतालों में बढ़े मरीज। फोटो जागरण

अस्पतालों में बढ़े मरीज। फोटो जागरण

HighLights

  1. महिला की बेहोश होकर गिरने से मौके पर ही मौत।

  2. जमशेदपुर में 48 घंटे के भीतर गर्मी से दूसरी मौत।

  3. एमजीएम अस्पताल में लू और गर्मी के मरीज बढ़े।

जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। शहर इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है। आसमान से बरस रही आग अब लोगों की जान पर भारी पड़ने लगी है। शुक्रवार को बागबेड़ा स्टेशन टीओपी के समीप एक महिला अचानक बेहोश होकर गिर पड़ी और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

लगातार 48 घंटे के भीतर गर्मी से जुड़ी दूसरी मौत सामने आने के बाद पूरे शहर में दहशत का माहौल है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला सड़क किनारे पानी पी रही थी।

इसी दौरान वह अचानक बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ी। आसपास मौजूद लोगों ने उसे उठाने और पानी डालकर होश में लाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। फिलहाल महिला की पहचान नहीं हो सकी है।

48 घंटे में दूसरी मौत से बढ़ी चिंता

इससे पहले गुरुवार को डिमना रोड में भी एक व्यक्ति अचानक बेहोश होकर गिर पड़ा था। उसे तत्काल महात्मा गांधी मेमोरियल (एमजीएम) अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया था।

लगातार दूसरी घटना ने शहरवासियों की चिंता बढ़ा दी है। हालांकि दोनों मामलों में आधिकारिक तौर पर मौत का कारण स्पष्ट नहीं किया गया है, लेकिन चिकित्सक इसे भीषण गर्मी और लू से जोड़कर देख रहे हैं।

भारतीय मौसम विभाग ने जमशेदपुर समेत आसपास के इलाकों के लिए 24 मई तक येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग ने लोगों को बेहद जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है।

खासकर दोपहर 12 बजे से तीन बजे तक धूप में निकलने से बचने की अपील की गई है। शुक्रवार को शहर का अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 29 डिग्री दर्ज किया गया।

एमजीएम में बढ़ी मरीजों की भीड़

भीषण गर्मी का असर अब अस्पतालों में भी साफ दिखने लगा है। कोल्हान के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल एमजीएम में शुक्रवार को मरीजों की भारी भीड़ देखी गई। दोपहर तीन बजे तक ओपीडी में कुल 950 मरीज पहुंचे थे। इनमें सबसे ज्यादा 256 मरीज मेडिसिन विभाग में दर्ज किए गए।

अस्पताल सूत्रों के अनुसार शुक्रवार को 15 से अधिक मरीज लू और गर्मी से जुड़ी समस्याओं के कारण अस्पताल पहुंचे। कई मरीज चक्कर, उल्टी, तेज बुखार और कमजोरी की शिकायत लेकर पहुंचे थे।

एमजीएम अस्पताल के अधीक्षक डा. बलराम झा ने कहा कि बीते एक सप्ताह में लू से प्रभावित मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ी है। उन्होंने लोगों से ज्यादा पानी पीने, धूप से बचने और सतर्क रहने की अपील की है।

अगले छह दिनों का संभावित तापमान (डिग्री सेल्सियस)