विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जमशेदपुर में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई: खाऊ गली में फूड स्टाॅलों की जांच, एक मेगा मार्ट में चावल में मिला कीड़ा

Published: Mon, 12 Oct 2026 09:11 PM (IST)

जमशेदपुर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने त्योहारों के मौसम में शुद्ध खाद्य सामग्री सुनिश्चित करने के लिए अभियान चलाया। इस ...और पढ़ें

जुगसलाई स्थित एक मेगा मार्ट में बासमती चावल के अंदर कीड़ा मिलने का मामला सामने आया।

जुगसलाई स्थित एक मेगा मार्ट में बासमती चावल के अंदर कीड़ा मिलने का मामला सामने आया।

HighLights

  1. खाद्य सुरक्षा विभाग ने जमशेदपुर में चलाया अभियान।

  2. खाऊ गली के फास्ट फूड स्टॉलों की हुई जांच।

  3. मेगा मार्ट में चावल में कीड़े मिलने पर कार्रवाई।

जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। त्योहारों के मौसम में आम लोगों को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग ने सोमवार को अभियान चलाया। 
 
इस दौरान विभाग की टीम ने साकची जुबली पार्क स्थित खाऊ गली में पहुंचकर चाट, छोला, गोलगप्पा, डोसा और अन्य फास्ट फूड स्टाॅलों की बारीकी से जांच की। 
 
इसके साथ ही, जुगसलाई स्थित एक मेगा मार्ट में बासमती चावल के अंदर कीड़ा मिलने का मामला सामने आया। विभाग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उस चावल को बिक्री से हटाने का निर्देश दिया और उसका नमूना जब्त कर लिया। 
 
इस नमूने को आगे की जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। खाद्य सुरक्षा विभाग के सभी पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से खाऊ गली के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों, ठेलों और स्टालों का निरीक्षण किया। 
 
इस दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, साफ-सफाई और भोजन तैयार करने तथा परोसने के समय अपनाए जा रहे स्वच्छता मानकों की विशेष रूप से जांच की गई। 
 
आवश्यकतानुसार कुछ खाद्य पदार्थों के सैंपल भी जांच के लिए गए। अधिकारियों ने दुकानदारों और ठेला संचालकों को कड़े निर्देश दिए कि वे खाद्य सुरक्षा के निर्धारित मानकों का पूर्ण पालन करें। 
 
सभी संचालकों को अपने प्रतिष्ठान के लिए वैध पंजीकरण या लाइसेंस सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही, भोजन तैयार करने के दौरान हेड गियर व एप्रन पहनने, नाखूनों की नियमित सफाई और आसपास के क्षेत्र में स्वच्छता बनाए रखने की सख्त हिदायत दी गई।
 

एक ही तेल का बार-बार इस्तेमाल नहीं करने की हिदायत 

इस दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिया कि एक ही तेल का अधिकतम दो बार उपयोग करने के बाद उसे दोबारा किसी भी खाद्य पदार्थ को तैयार करने में इस्तेमाल नहीं किया जाए। 
 
इसके अलावा, खाद्य पदार्थों में किसी भी प्रकार के अखाद्य या अनधिकृत कृत्रिम रंगों का प्रयोग न करने और मिलावट से पूरी तरह बचने की चेतावनी दी गई। 
 
विभाग ने संचालकों से अपील की कि वे हमेशा उच्च गुणवत्ता वाली सामग्री का उपयोग करें और खाद्य पदार्थों को पूरी तरह सुरक्षित तरीके से तैयार कर ग्राहकों को बेचें।
 
इस छापेमारी और निरीक्षण अभियान के दौरान फूड सेफ्टी ऑफिसर संजय कुमार के अलावा मासूम अंसारी, भोला शंकर, अविनाश किस्कू, राजहंस कुमार और मुन्ना कुमार समेत अन्य अधिकारी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
 

त्योहारी सीजन के दौरान मिलावटखोरों पर विभाग की पैनी नजर है। स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी प्रतिष्ठान को बख्शा नहीं जाएगा। पकड़े जाने पर खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। शहर भर में इस तरह के औचक निरीक्षण और जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

-

संजय कुमार, खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी, जमशेदपुर