विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Tata steel में महिला सुरक्षा सुपरवाइजर पर जानलेवा हमला: लोहे के बोल्ट से चेहरे-सिर पर वार कर हमलावर फरार

Published: Wed, 21 Oct 2026 08:12 PM (IST)

जमशेदपुर के टाटा स्टील परिसर में एक महिला साइट सेफ्टी सुपरवाइजर पर लोहे के बोल्ट से जानलेवा हमला हुआ, जिससे ...और पढ़ें

टाटा स्‍टील में जिस स्थान पर पीड़ि‍त महिला कर्मी बैठकर काम करती थीं, वह सीसीटीवी कैमरे की निगरानी से बाहर था।

टाटा स्‍टील में जिस स्थान पर पीड़ि‍त महिला कर्मी बैठकर काम करती थीं, वह सीसीटीवी कैमरे की निगरानी से बाहर था।

HighLights

  1. महिला साइट सेफ्टी सुपरवाइजर पर हमला।

  2. कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों पर सवाल उठे।

  3. टाटा स्टील ने जांच टीम गठित की।

जासं, जमशेदपुर । झारखंड में महिलाओं को तीनों शिफ्ट में काम करने के अवसर देने की पहल के बीच टाटा स्टील के सीआरएम ईटीपी क्षेत्र में एक महिला ठेका कर्मचारी पर हुए हमले ने औद्योगिक परिसर में सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

हमले का शिकार हुई महिला साइट सेफ्टी सुपरवाइजर हैं, जिनकी जिम्मेदारी कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों की निगरानी करना होता है। जिस स्थान पर वह बैठकर काम करती थीं, वह सीसीटीवी कैमरे की निगरानी से बाहर था।

वहां लोगों की आवाजाही भी अपेक्षाकृत कम रहती थी। घटना 20 अक्टूबर की सुबह करीब 9:45 बजे की है। मेसर्स जीएपीएसपीएल में कार्यरत महिला सुपरवाइजर अपने कार्यालय में अकेले डेस्कटाप पर काम कर रही थीं।

इसी दौरान मास्क पहने एक अज्ञात व्यक्ति कार्यालय में घुस आया। उसने लोहे के बोल्ट से महिला के चेहरे, सिर, कंधे और कलाई पर वार कर दिया।

हमले के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया। घायल महिला को तत्काल ईस्ट प्लांट फर्स्ट एड सेंटर ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) रेफर किया गया।

कंपनी के अनुसार, महिला की स्थिति स्थिर है। उनके मस्तिष्क का सीटी स्कैन सामान्य आया है, जबकि कंधे में दर्द की जांच की जा रही है।

सुरक्षा इंतजाम को लेकर चिंता

घटना के बाद संबंधित स्थल का निरीक्षण करने पर महिला के बैठने की जगह सीसीटीवी कैमरे की निगरानी से बाहर होने की बात सामने आई। यह स्थान एक कोने में है और यहां लोगों की आवाजाही कम रहती है।

मास्क पहनकर परिसर में प्रवेश करने, महिला के कार्यालय तक पहुंचने और हमला कर फरार होने की घटना के बाद हमलावर की पहचान तथा घटना के पीछे के कारणों का पता लगाना महत्वपूर्ण हो गया है।

कंपनी प्रबंधन ने मामले की जांच के लिए टीम गठित की है। हालांकि, हमले के कारणों और आरोपित की पहचान को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है।


तीनों शिफ्ट में काम के साथ सुरक्षा भी जरूरी

झारखंड में महिलाओं को रात की पाली समेत विभिन्न शिफ्टों में काम करने के अवसर उपलब्ध कराने की पहल के बीच कार्यस्थल पर उनकी सुरक्षा भी महत्वपूर्ण है।

इसके लिए पर्याप्त सीसीटीवी कवरेज, नियमित सुरक्षा गश्त, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर और आपात स्थिति में तत्काल सहायता की व्यवस्था जरूरी है।

सीआरएम ईटीपी की घटना ने महिला कर्मचारियों के बैठने के स्थानों और कम आवाजाही वाले क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जरूरत सामने रखी है।

सवाल यह भी है कि जब सुरक्षा से जुड़ी जिम्मेदारी संभालने वाली महिला सुपरवाइजर ही कार्यस्थल पर हमले का शिकार हो जाएं तो अन्य महिला कामगारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कौन से अतिरिक्त कदम उठाए जाने चाहिए?


कंपनी ने जताई चिंता, जांच के लिए टीम गठित

टाटा स्टील के प्रवक्ता ने कहा कि मिल्स यूटिलिटी मैकेनिकल मेंटेनेंस के अंतर्गत सीआरएम के ईपीएम क्षेत्र में मेसर्स जीएपीएसपीएल की महिला साइट सेफ्टी सुपरवाइजर के साथ हुई घटना को लेकर कंपनी बेहद चिंतित है।

घायल कर्मचारी को प्राथमिक उपचार के बाद टीएमएच भेजा गया। सीटी स्कैन के बाद उनकी स्थिति सामान्य है और कंधे के दर्द की जांच की जा रही है। कंपनी ने पूरे मामले की जांच के लिए टीम गठित की है।