जेरी व जायरू को जेएफसी ने किया रिटेन
जमशेदपुर एफसी ने अपने स्टार खिलाड़ी जेरी व बिकास जायरू को 2020 तक के लिए बुक कर लिया है।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : जमशेदपुर एफसी ने अपने स्टार खिलाड़ी जेरी व बिकास जायरू को अगले सीजन के लिए रिटेन किया है। दोनों ही युवा खिलाड़ी 2020 तक जमशेदपुर एफसी के साथ जुड़े रहेंगे। इंडियन सुपर लीग में पहली बार उतरी मेन ऑफ स्टील को पांचवें स्थान तक पहुंचाने में उपरोक्त दोनों खिलाड़ियों ने महती भूमिका निभाई। अनुबंध पर हस्ताक्षर करने के बाद बिकास जायरू ने कहा कि जमशेदपुर एफसी से फिर से जुड़ने पर काफी खुश हूं। जिस तरह टीम प्रबंधन व फैंस ने मुझपर विश्वास जताया है, उसपर खरा उतरने का भरसक प्रयास करूंगा। उन्होंने कहा कि जमशेदपुर के दर्शक जिस तरह फुटबॉल को सपोर्ट करते हैं, ऐसा माहौल देश के किसी कोने में देखने को नहीं मिलता।
मिजोरम के जेरी को इस सीजन का कई बार सर्वश्रेष्ठ उदीयमान खिलाड़ी का सम्मान मिल चुका है। केरला ब्लास्टर्स के खिलाफ 22 सेकेंड में गोल कर जेरी ने आइएसएल में सर्वाधिक तेज गोल करने का रिकॉर्ड अपने नाम किया। अनुबंध के बाद जेरी ने कहा कि जिस तरह टीम प्रबंधन, कोचिंग स्टाफ ने मुझे सपोर्ट किया, उसके लिए मैं उनका शुक्रगुजार हूं। आगामी सीजन में क्लब व प्रशंसकों के उम्मीदों पर खरे उतरने का भरसक प्रयास करूंगा।