अब पंजाब ने जेएफसी रिजर्व्स को धोया
हार का भूत जमशेदपुर एफसी का पीछा नहीं छोड़ रहा। खराब प्रदर्शन के बाद मेन ऑफ स्टील की सीनियर टीम पहले ही इंडियन सुपर लीग से बाहर हो गई है। अब सेकेंड डिवीजन आइ लीग फुटबॉल में मिल रही हार से वह निराशा के भंवरजाल में फंस चुका है।
जासं, जमशेदपुर : हार का भूत जमशेदपुर एफसी का पीछा नहीं छोड़ रहा। खराब प्रदर्शन के बाद मेन ऑफ स्टील की सीनियर टीम पहले ही इंडियन सुपर लीग से बाहर हो गई है। अब सेकेंड डिवीजन आइ लीग फुटबॉल में मिल रही हार से वह निराशा के भंवरजाल में फंस चुका है। तभी तो रविवार को जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में खेले गए मुकाबले में पंजाब एफसी रिजर्व्स ने उसे 3-0 से पराजित कर घुटने के बल रेंगने को मजबूर कर दिया।
पंजाब एफसी की आक्रामकता के आगे जमशेदपुर एफसी रिजर्व्स की एक न चली। खेल के 17वें मिनट में साथी खिलाड़ी द्वारा दिए गए पास को थोकचाम एडिशन सिंह ने गोल में परिणत कर मेजबान टीम को चुनौती दी। गोल खाकर बौखलाई जमशेदपुर एफसी रिजर्व्स की सेना ने जवाबी हमला किया, लेकिन मेहमान टीम इस हमले को प्रत्युत्तर देने को पहले से ही तैयार की। लाख कोशिशों के बावजूद मेन ऑफ स्टील को सफलता नहीं मिली। हालांकि उसे गोल करने के कई सुनहरे मौके मिले, लेकिन आपसी सामंजस्य के अभाव में गेंद गोलजाल से बाहर ही रहा।
मध्यांतर तक मेहबान टीम 1-0 से आगे थी। मध्यांतर के बाद भी उसकी आक्रामकता में कोई कमी देखने को नहीं मिली। 48वें मिनट में एडिशन की जगह आसंगबाम अफोआबा सिंह को मैदान पर भेजा गया। इस फॉरवर्ड ने मैदान पर उतरते ही तहलका मचा दिया। खेल के 55वें मिनट में दायीं ओर से बढ़ते हुए आसंगबाम अफोआबा सिंह ने जमशेदपुर एफसी रिजर्व्स के गोलकीपर राजकुमार महतो को छकाते हुए गेंद को गोलजाल में डाल दिया। अबतक मेजबान टीम 2-0 से पिछड़ रही थी। उसके हौसले पस्त हो गए थे। पंजाब एफसी की टीम ने इसी का फायदा उठाया और 63वें मिनट में सौरभ भावला ने तीसरा गोल कर जमशेदपुर एफसी रिजर्व्स की जीत के सभी दरवाजे बंद कर दिए।