जमशेदपुर में फर्जी पुलिस बनकर ठगी करने वाले दो शातिर गिरफ्तार, केस मैनेज के नाम पर ₹25600 की चपत
जमशेदपुर में फर्जी पुलिस बनकर लोगों से ठगी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश हुआ है, जिसमें दो शातिर आरोपी बंटी गुहा और इम्तियाज खान गिरफ्तार किए गए हैं।

गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
HighLights
फर्जी पुलिस बनकर ठगी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार।
गिरफ्तार आरोपियों का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है।
जासं, जमशेदपुर। MGM थाना क्षेत्र में फर्जी पुलिस बनकर केस मैनेज कराने का झांसा देकर नकदी और सामान ऐंठने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है।
गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बंटी गुहा (38 वर्ष, गोल्फ ग्रीन, कोलकाता) और इम्तियाज खान (32 वर्ष, रबानी कॉलोनी, मानगो) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से पीड़ित से लूटी गई बाइक और मोबाइल बरामद कर लिए हैं।
डरा-धमकाकर की थी लूटपाट
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, 10 सितंबर 2026 को शिकायतकर्ता वीरेंद्र दास को RVBS एकेडमी (डिमना) के पास केस रफा-दफा करने की बात कहकर बुलाया गया।
इसके बाद आरोपी उसे गोलमुरी थाना क्षेत्र के आनंदनगर स्थित एक सुनसान इलाके में ले गए। वहां आरोपियों ने उसे डरा-धमकाकर जेब से 25,600 रुपये नकद, स्पलेंडर मोटरसाइकिल (JH05DJ-0785) और दो मोबाइल फोन छीन लिए।
पीड़ित की शिकायत पर MGM थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई। इसके बाद वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को धर दबोचा।
नंबर प्लेट बदलकर चला रहे थे लूटी हुई बाइक
आरोपियों ने पुलिस से बचने के लिए शिकायतकर्ता की स्पलेंडर बाइक (मूल नंबर JH05DJ-0785) की नंबर प्लेट बदलकर उस पर फर्जी नंबर WB05DG-0876 लगा दिया था।
पुलिस ने छापेमारी के दौरान इस बाइक के साथ-साथ सैमसंग के दो टच स्क्रीन मोबाइल, एक की-पैड मोबाइल तथा घटना में इस्तेमाल किए गए रियलमी और रेडमी के मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
बंटी गुहा पर जमशेदपुर के विभिन्न थानों में 11 मामले दर्ज
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी बंटी गुहा का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ कदमा, सीतारामडेरा, जुगसलाई, टेल्को, सिदगोड़ा और परसुडीह समेत जमशेदपुर के विभिन्न थानों में कुल 11 संगीन मामले दर्ज हैं।
वहीं, दूसरे आरोपी इम्तियाज खान के खिलाफ बागबेड़ा थाना में पूर्व से मामला दर्ज है। इस कार्रवाई में पटमदा DSP दयानंद कुमार के नेतृत्व में MGM थाना पुलिस के पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल शामिल रहे।
