विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मेले की रौनक में सूना हुआ घर: मानगो में पूजा घूमने गए परिवार के घर पर चोरों का धावा, 13.5 लाख के जेवर ले उड़े

Published: Wed, 21 Oct 2026 10:05 PM (IST)

जमशेदपुर में दुर्गापूजा के दौरान चोरों ने पुलिस को चुनौती देते हुए मानगो, जुगसलाई और बागबेड़ा में तीन बड़ी वारदातों ...और पढ़ें

मानगो, जुगसलाई और बागबेड़ा थाना क्षेत्रों में चोरों ने महज कुछ घंटों के भीतर बंद घरों और दुकानों को निशाना बनाकर लाखों रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया।

मानगो, जुगसलाई और बागबेड़ा थाना क्षेत्रों में चोरों ने महज कुछ घंटों के भीतर बंद घरों और दुकानों को निशाना बनाकर लाखों रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया।

HighLights

  1. मानगो में घर से 13.5 लाख के आभूषण-नकदी चोरी।

  2. जुगसलाई शराब दुकान और बागबेड़ा ज्वेलर्स में सेंधमारी।

  3. दुर्गापूजा के दौरान पुलिस गश्त पर उठे गंभीर सवाल।

जासं, जमशेदपुर। जमशेदपुर में दुर्गापूजा के पावन पर्व और उमंग के बीच चोरों ने पुलिस सुरक्षा व्यवस्था को खुली चुनौती देते हुए शहर के अलग-अलग इलाकों में ताबड़तोड़ वारदातों को अंजाम दिया है। 
 
मानगो, जुगसलाई और बागबेड़ा थाना क्षेत्रों में चोरों ने महज कुछ घंटों के भीतर बंद घरों और दुकानों को निशाना बनाकर लाखों रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। 
 
एक के बाद एक हुई इन घटनाओं से शहर के कारोबारियों और आम नागरिकों में दहशत के साथ-साथ पुलिस गश्त के प्रति भारी नाराजगी है।
 
मानगो के एमजीएम थाना क्षेत्र स्थित हिल व्यू कॉलोनी निवासी अनुपम ओझा के घर चोरों ने महानवमी की रात को निशाना बनाया। परिवार महानवमी की रात करीब साढ़े 12 बजे घर में ताला लगाकर दुर्गापूजा पंडाल घूमने गया था। 
 
जब वे सुबह साढ़े चार बजे वापस लौटे, तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर जाने पर कमरों का सामान अस्त-व्यस्त था और गोदरेज की अलमारी भी टूटी हुई थी। 
 
चोर अलमारी में रखे करीब 12 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और डेढ़ लाख रुपये नकद समेत कुल साढ़े 13 लाख रुपये की संपत्ति समेट ले गए। 
 
सूचना मिलने पर भाजपा के पूर्व नेता विकास सिंह मौके पर पहुंचे और पुलिस के वरीय अधिकारियों से जल्द चोरों की गिरफ्तारी और बरामदगी की मांग की है।
 
दूसरी घटना जुगसलाई इलाके की है, जहां चोरों ने एक शराब दुकान को निशाना बनाया। चोर दुकान की छत तोड़कर अंदर दाखिल हुए और गल्ले में रखे 35 हजार रुपये नकद के साथ-साथ महंगी शराब की बोतलें भी समेटकर फरार हो गए। 
 
छत तोड़कर चोरी करने के इस तरीके से यह साफ है कि वारदात को पूरी योजना के तहत अंजाम दिया गया। इस घटना ने बाजार क्षेत्र की सुरक्षा और रात्रि गश्त की पोल खोल दी है। 
 
गौरतलब है कि इससे पूर्व 27 सितंबर को गोलमुरी में भी एक आभूषण दुकान में चोरी हुई थी, जिसका अब तक खुलासा नहीं हो सका है।
 
तीसरी वारदात बागबेड़ा थाना क्षेत्र के लाल बिल्डिंग चौक स्थित श्री दुर्गा ज्वेलर्स में हुई। चोरों ने दुकान की पिछली दीवार में सेंध लगाकर अंदर प्रवेश किया और करीब दो किलो से अधिक चांदी के आभूषण समेत अन्य सामान चुरा लिए। 
 
जिसकी कुल कीमत लगभग पांच लाख रुपये आंकी गई है। सबसे हैरानी की बात यह है कि चोर अपनी पहचान छिपाने के लिए दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर भी उखाड़कर अपने साथ ले गए। 
 
दुकान संचालक रुद्रदेव कुमार वर्मा ने बताया कि वह रविवार दोपहर दुकान बंद कर घर गए थे और सोमवार सुबह जब दुकान खोलने पहुंचे तो चोरी की इस बड़ी घटना का पता चला।
 
दुर्गापूजा के दौरान जब पूरे शहर में पुलिस की चौकसी और अतिरिक्त गश्त के दावे किए जा रहे थे, तब चोरों द्वारा एक ही रात में तीन अलग-अलग जगहों पर इतनी बड़ी वारदातों को अंजाम देना पुलिस प्रशासन के लिए एक बड़ी चुनौती बन गया है। 
 
फिलहाल, पुलिस सभी मामलों में आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगालने और चोरों का सुराग लगाने का प्रयास कर रही है।