जमशेदपुर के गालूडीह पहुंची सर्विलेंस टीम, घर-घर जांच में मिले बुखार के मरीज और डेंगू लार्वा
पूर्वी सिंहभूम के गालूडीह में डेंगू का मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। सर्विलेंस टीम ...और पढ़ें

अभियान के तहत डेंगू मरीज के समीप रहने वाले परिवारों के स्वास्थ्य की भी गहन जांच की गई।
HighLights
गालूडीह में डेंगू का मामला सामने आने पर विभाग अलर्ट।
41 घरों की जांच में चार में डेंगू लार्वा मिला।
तीन बुखार पीड़ितों को दवाएं दी गईं, जागरूकता फैलाई।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के गालूडीह में डेंगू का मामला सामने आते ही स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है।
सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल के निर्देशानुसार जिला सर्विलेंस विभाग की टीम ने बुधवार को प्रभावित इलाके में सघन जांच अभियान चलाया।
जिला महामारी रोग विशेषज्ञ डॉ. अरसद के नेतृत्व में पहुंची इस टीम में सुशील तिवारी, विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के प्रतिनिधि, सीएचओ (CHO) और एमपीडब्ल्यू (MPW) के कर्मी शामिल थे।
टीम ने क्षेत्र के कुल 41 घरों में जाकर मच्छरों के पनपने की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान चार मकानों में डेंगू का जानलेवा लार्वा जमा पानी में तैरता पाया गया, जिसे स्वास्थ्यकर्मियों ने मौके पर ही रासायनिक दवाओं के प्रयोग से नष्ट कर दिया।
अभियान के तहत डेंगू मरीज के समीप रहने वाले परिवारों के स्वास्थ्य की भी गहन जांच की गई। इस दौरान तीन लोग बुखार से पीड़ित पाए गए, जिन्हें टीम द्वारा तुरंत आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई गईं।
घर-घर बांटे गए जागरूकता पर्चे, छिड़काव शुरू
संक्रमण को रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से पूरे इलाके में एंटी-लार्वा दवा का छिड़काव कराया गया है। साथ ही ग्रामीणों के बीच जागरूकता पर्चे वितरित कर उन्हें डेंगू से बचाव के उपाय बताए गए।
स्वास्थ्य अधिकारियों ने स्थानीय निवासियों से अपील की है कि वे अपने घरों और आसपास गमलों, कूलरों या पुराने बर्तनों में पानी जमा न होने दें तथा मच्छरदानी का नियमित इस्तेमाल करें।
