Jamshedpur Crime News: साइबर ठगों से बचाने के लिए बिजली विभाग ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर, अनजान काल और मैसेज की कर सकते हैं शिकायत
Jamshedpur Crime News जीएम ने विद्युत उपभोक्ताओं से आग्रह किया है कि यदि इस प्रकार का कोई एसएमएस या व्हाट्सएप मिलते हैं तो सीधे कोई उत्तर न दें। इसकी सूचना जमशेदपुर के उपभोक्ता जमशेदपुर के साइबर डीएसपी जयश्री कुजूर के मोबाइल नंबर 8987424625 पर सूचना दे सकते हैं।
जमशेदपुर, जासं। बिजली उपभोक्ताओं के पास आ रहे फर्जी फोन काल के माध्यम से साइबर ठगी के मामले को देखते हुए बिजली विभाग, झारखंड सरकार ने उपभोक्ताओं को साइबर ठगों से बचाने के लिए राज्य स्तर पर साइबर क्राइम को देख रहे पुलिस उपाधीक्षक के मोबाइल नंबर जारी किया है। इस संबंध में जमशेदपुर के विद्युत महाप्रबंधक श्रवण कुमार ने बताया कि अज्ञात स्रोतों से बिजली वितरण निगम लिमिटेड के नाम का गलत उपयोग करते हुए विद्युत उपभोक्ताओं को एसएमएस, व्हाटसएप पर गलत संदेश भेजकर भ्रमित किया जा रहा है। इस तरह का एसएमएस या व्हाटसएप का मुख्य उद्देश्य साइबर फ्राड के माध्यम से विद्युत उपभोक्ताओं को ठगी का शिकार बनाना है। जीएम ने विद्युत उपभोक्ताओं से आग्रह किया है कि यदि इस प्रकार का कोई एसएमएस या व्हाट्सएप मिलते हैं तो सीधे कोई उत्तर न दें। इसकी सूचना जमशेदपुर के उपभोक्ता जमशेदपुर के साइबर डीएसपी जयश्री कुजूर के मोबाइल नंबर 8987424625 पर सूचना दे सकते हैं।
शादी का झांसा देकर युवती से यौन शोषण
जमशेदपुर। मानगो की एक युवती को शादी का झांसा देकर युवक ने एक साल तक यौन शोषण किया। शादी का दबाव देने पर बाद शादी करने से इंकार कर दिया। युवती ने इसकी शिकायत पटमदा थाना में दी। आरोपित पटमदा के बिड़र ग्राम निवासी राजीव कैवर्त है। पुलिस को युवती ने बताया युवती उसके मामा का घर पटमदा थाना क्षेत्र में है। वह मामा के घर बराबर आना-जाना करती थी। राजीव कैवर्त से उसकी दोस्ती हो गई। राजीव जमशेदपुर में ही काम करता है। विगत एक साल से उसके साथ युवक शारीरिक संबंध बनाता रहा। विरोध पर शादी करने का झांसा देता रहा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
आज शहर में सुबह से रात 11 बजे तक नो एंट्री
जमशेदपुर। स्वतंत्रता दिवस पर शहर में सुबह छह से रात 11 बजे तक नो इंट्री व्यवस्था रहेगी। यह जानकारी यातायात के प्रभारी डीएसपी कमल किशोर ने दी। डीएसपी ने बताया बसों को छोड़कर सभी भारी वाहनों का परिचालन पूर्णत: वर्जित रहेगा। सभी थाना की पुलिस को नो इंट्री व्यवस्था का पालन करने को कहा गया है।