विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जमशेदपुर में गोलमुरी बैंक डकैती व मरीन ड्राइव फायरिंग पर मुख्यालय सख्त, डीजीपी ने एसएसपी आवास पर ली हाईलेवल बैठक

Published: Thu, 01 Oct 2026 06:53 PM (IST)

डीजीपी तदाशा मिश्रा ने जमशेदपुर में केनरा बैंक डकैती और मरीन ड्राइव फायरिंग की घटनाओं पर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। ...और पढ़ें

गुरुवार को डीजीपी तदाशा मिश्रा ने बिष्टुपुर स्थित एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब के आवास पर एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की।

गुरुवार को डीजीपी तदाशा मिश्रा ने बिष्टुपुर स्थित एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब के आवास पर एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की।

HighLights

  1. केनरा बैंक डकैती और मरीन ड्राइव फायरिंग के आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश।

  2. तकनीकी जांच, खुफिया तंत्र मजबूत करने और सुरक्षा बढ़ाने पर जोर।

जासं, जमशेदपुर। गोलमुरी स्थित केनरा बैंक में हुई भीषण डकैती और मरीन ड्राइव के रेस्टोरेंट में 11 राउंड फायरिंग की वारदातों को झारखंड पुलिस मुख्यालय ने अत्यंत गंभीरता से लिया है। 
 
गुरुवार को डीजीपी तदाशा मिश्रा ने बिष्टुपुर स्थित एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब के आवास पर एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। इसमें पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिले की कानून-व्यवस्था तथा दोनों बहुचर्चित मामलों में अब तक हुई पुलिस कार्रवाई का ब्योरा लिया गया।
 

आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के दिए निर्देश 

डीजीपी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि दोनों गंभीर घटनाओं में शामिल अपराधियों को हर हाल में जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए।
 
उन्होंने निर्देश दिया कि तकनीकी अनुसंधान, सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन का बारीकी से विश्लेषण कर जांच को तार्किक अंजाम तक पहुंचाएं। 
 
इसके साथ ही, संगठित अपराध में शामिल गिरोहों के नेटवर्क को चिन्हित कर उन्हें ध्वस्त करने और खुफिया तंत्र को और मजबूत करने पर जोर दिया।
 

23 किलो सोना और 43 लाख की डकैती पर शिकंजा 

गोलमुरी केनरा बैंक डकैती में करीब 43 लाख रुपये नकद और 23 किलो सोना लूटे जाने के बाद से ही पुलिस की कई विशेष टीमें पड़ोसी राज्यों में लगातार छापेमारी कर रही हैं। 
 
सीसीटीवी फुटेज से मिले सुरागों के आधार पर पांच संदिग्धों की तस्वीरें जारी की गई हैं और प्रत्येक पर दो-दो लाख रुपये का इनाम घोषित है। डीजीपी ने अपराधियों के भागने के मार्गों और उनके संभावित ठिकानों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए।
 

रेस्टोरेंट फायरिंग मामले में छापेमारी तेज 

मरीन ड्राइव स्थित रेस्टोरेंट में हुई 11 राउंड अंधाधुंध फायरिंग के मामले में भी पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए अभियान तेज कर दिया है। 
 

त्योहारों को लेकर सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने के आदेश 

संदिग्धों की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने और उनके सहयोगियों पर शिकंजा कसने के आदेश जारी किए गए हैं। बैठक के दौरान आगामी दुर्गापूजा, दीपावली और छठ पर्व को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा भी की गई। 
 
डीजीपी ने संवेदनशील इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ाने, प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा बलों की तैनाती मजबूत करने और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने का निर्देश दिया, ताकि आम जनता के बीच सुरक्षा का माहौल कायम रह सके।