Jamshedpur Covid Vaccination Update: शहरी क्षेत्र में आज बंद है काेरोना टीकाकरण, सिर्फ दस ग्रामीण केंद्रों पर दी जा रही वैक्सीन
बुधवार को जमशेदपुर शहर में वैक्सीनेशन पूरी तरह बंद है। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों के सिर्फ दस केंद्रों पर उम्र 18 से अधिक वालों को वैक्सीन दी जा रही है। एक केंद्र पर कोविशील्ड व नौ केंद्रों पर कोवैक्सीन उपलब्ध है।
जमशेदपुर, जागरण संवाददाता। झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले में कोरोना निरोधी टीका की कमी फिर से होने लगी है। इस वजह से बुधवार को शहरी क्षेत्रों में टीकाकरण बंद रखने का फैसला लिया गया है। शहर में आज वैक्सीनेशन पूरी तरह बंद है। वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों के सिर्फ दस केंद्रों पर उम्र 18 से अधिक वालों को वैक्सीन दी जा रही है। एक केंद्र पर कोविशील्ड व नौ केंद्रों पर कोवैक्सीन उपलब्ध है।
वैक्सीन कोषांग के वरीय पदाधिकारी सह एसडीओ संदीप कुमार मीणा ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि वैक्सीनेशन सेंटरों पर शारीरिक दूरी का ख्याल अवश्य रूप से रखा जाए ताकि आगे संक्रमण फैलने का खतरा कम से कम हो। उन्होंने कहा कि टीका उपलब्ध होते ही शहरी केंद्रों पर भी वैक्सीनेशन की शुरुआत होगी। पूर्वी सिंहभूम जिले में मंगलवार को 403 लोगों को वैक्सीन की पहली डोज दी गई। वहीं, चार हजार 920 लोगों को दूसरी डोज दी गई। जिले में अभी तक कुल छह लाख 55 हजार 685 लोगों को पहली डोज व दो लाख 33 हजार 797 लोगों को दूसरी डोज दी गई है।
6252 लोगों की हुई जांच, चार मिले पॉजिटिव
पूर्वी सिंहभूम जिले में मंगलवार को छह हजार 252 लोगों की जांच हुई। इसमें चार लोग संक्रमित मिले। इसमें दो मरीज परसुडीह, एक बागबेड़ा व एक साकची निवासी है। जिले में मरीजों की संख्या बढ़कर 51 हजार 789 हो गई है। इधर, छह हजार 651 लोगों का नमूना लेकर जांच के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेजा गया। रिपोर्ट गुरुवार तक आने की उम्मीद है। जिले में अभी तक कुल 12 लाख 73 हजार 981 लोगों का नमूना लिया जा चुका है।
तीन मरीज स्वस्थ होकर घर लौटे
जमशेदपुर शहर के विभिन्न कोविड अस्पतालों में भर्ती कुल तीन मरीज मंगलवार को स्वस्थ होकर घर लौटे। जिले में अभी तक कुल 50 हजार 709 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। जिले का रिकवरी रेट 97.92 प्रतिशत है।