Jamshedpur Coronavirus Update: पूर्वी सिंहभूम में चार हजार से अधिक लोगों की हुई जांच, कोरोना के दो नए मरीज मिले
Jamshedpur Coronavirus Update कोरोना अभी पूरी तरह से खत्म नहीं हुआ है। लोगों को अब भी सतर्क रहने की जरूरत है। पूर्वी सिंहभूम जिले में कोरोना के दो नए मरीज मिले हैं। मरीजों की संख्या बढ़कर 51 हजार 904 हो गई है।
जमशेदपुर, जागरण संवाददाता। झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले में रविवार को चार हजार 39 लोगों की जांच हुई। इसमें दो लोग संक्रमित मिले। ये मरीज, कदमा व सोनारी क्षेत्र के रहने वाले हैं। जिले में मरीजों की संख्या बढ़कर 51 हजार 904 हो गई है। वहीं, एक हजार 58 मरीजों की मौत हो चुकी है। कोरोना अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। इसे देखते हुए अब भी सतर्क करने की जरूरत है।
साढ़े तीन हजार का नमूना लिया गया
पूर्वी सिंहभूम जिले के विभिन्न प्रखंडों से रविवार को कुल तीन हजार 503 लोगों का नमूना लेकर जांच के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज जांच के लिए भेजा गया। रिपोर्ट मंगलवार तक आने की उम्मीद है। जिले में अभी तक 16 लाख 22 हजार 614 लोगों की जांच हो चुकी है। जिले का रिकवरी रेट 97.92 प्रतिशत है।
पांच हजार से अधिक लोगों ने ली पहली डोज
पूर्वी सिंहभूम जिले में रविवार को पांच हजार 384 लोगों ने पहली डोज ली। वहीं, चार हजार 59 लोगों ने दूसरी डोज ली। जिले में अभी तक कुल 12 लाख 63 हजार 642 लोगों ने पहली डोज ली है। वहीं, पांच लाख दो हजार 541 लोगों ने दूसरी डोज ली है।
केबुल टाउन में वैक्सीनेशन
केबल टाउन के महिला शिक्षा केंद्र में सैल्यूट तिरंगा जमशेदपुर महानगर की ओर से वैक्सीनेशन शिविर लगवाया गया। जिसमें 18 साल से उपर वाले लोगों ने पहला व दूसरा डोज लिया। इसमें सैल्यूट तिरंगा संस्था के जिलाध्यक्ष रविन्द्र मिश्रा की सराहनीय भूमिका रही। इनके प्रयास से वैक्सीनेशन से छूटे लोगों को टीका दिलाया गया। इस मौके पर मुख्यरूप से भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष अभय सिंह, दिनेश कुमार, अभिषेक गौतम आदि मौजूद रहे। अतिथियों ने कहा कि वैक्सीनेशन सबों के लिए जरूरी है। किसी को पीछे नहीं रहना चाहिए। खुद भी वैक्सीन लें एवं दूसरों को भी प्रेरित करें। कोरोना की संभावित तीसरी लहर में यह बचाव का वाहक बनेगा।