Jamshedpur News: वृद्धा को अस्पताल ले जा रही कार तालाब में गिरी, शीशे तोड़ बचाई गई 4 लोगों की जान
जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र में बीमार वृद्धा को अस्पताल ले जा रही एक कार अनियंत्रित होकर तालाब में जा ...और पढ़ें

बीमार वृद्धा को इलाज के लिए अस्पताल ले जा रही एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे तालाब में जा गिरी।
HighLights
अनियंत्रित होकर कार तीन बार पलटी, पानी में समाई।
स्थानीय ग्रामीणों ने शीशे तोड़कर चारों को सुरक्षित निकाला।
जासं, जमशेदपुर। परसुडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत हलुदबनी से नामो टोला के बीच सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। बीमार वृद्धा को इलाज के लिए अस्पताल ले जा रही एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे तालाब में जा गिरी।
दुर्घटना में कार करीब तीन बार पलटते हुए पानी में समा गई। हालांकि, स्थानीय लोगों की जांबाजी से कार में सवार वृद्धा समेत चारों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
मोबाइल पर मैप देखने के दौरान बिगड़ा संतुलन
स्वजनों के अनुसार, परिवार के सदस्य अपनी घायल नानी (वृद्धा) को गंभीर अवस्था में इलाज के लिए अस्पताल ले जा रहे थे। रास्ते के दौरान चालक मोबाइल पर नेविगेशन मैप देख रहा था।
इसी बीच सामने से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रेलर को रास्ता देने के प्रयास में कार सड़क से नीचे उतर गई। चालक जब तक गाड़ी पर नियंत्रण पाता, तब तक कार असंतुलित होकर तीन बार पलटते हुए तालाब के गहरे पानी में जा समाई।
स्थानीय लोगों ने शीशे तोड़कर बचाई जान
पानी में कार गिरते ही अंदर फंसे यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके की ओर दौड़े।
बिना समय गंवाए स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए कार के शीशे और दरवाजे तोड़कर अंदर फंसे सभी चार लोगों को एक-एक कर बाहर निकाला।
इस हादसे में यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं। यदि ग्रामीणों द्वारा समय पर राहत-बचाव कार्य शुरू न किया जाता, तो बड़ी जनहानि हो सकती थी।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही परसुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को बाहर निकालने की प्रक्रिया शुरू की।
पुलिस ने घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया और दुर्घटना के कारणों की जांच में जुट गई है।
