Canara Bank Robbery: पुलिस ने जारी की 5 बदमाशों की फोटो, सुराग देने वाले को मिलेगा 2-2 लाख का इनाम
जमशेदपुर के केनरा बैंक डकैती मामले में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पांच अपराधियों की पहचान कर उनकी तस्वीरें जारी की हैं।

पुलिस ने बैंक और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान कर ली है
HighLights
केनरा बैंक डकैती में पुलिस ने अपराधियों की पहचान की।
पांच लुटेरों की तस्वीरें जारी, इनाम की घोषणा।
सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
जासं, जमशेदपुर। गोलमुरी स्थित केनरा बैंक में हुई भीषण डकैती के मामले में जमशेदपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने बैंक और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान कर ली है और उनकी तस्वीरें जारी कर दी हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. एहतेशाम वकारिब ने बताया कि अपराधियों की गिरफ्तारी में मदद करने वाले के लिए इनाम की घोषणा की गई है।
प्रत्येक अपराधी की सटीक सूचना या गिरफ्तारी में सहयोग देने वाले व्यक्ति को 2-2 लाख रुपये (कुल 10 लाख रुपये) का नकद इनाम दिया जाएगा।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी। लोग किसी भी अपराधी की पहचान या उनके ठिकाने से जुड़ी जानकारी एसएसपी, सिटी एसपी, सिटी डीएसपी या गोलमुरी थाना प्रभारी के सरकारी नंबरों पर तुरंत साझा कर सकते हैं।
एसएसपी के अनुसार, आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस की कई विशेष टीमें लगातार छापेमारी और तकनीकी जांच में जुटी हुई हैं। पुलिस अपराधियों के संभावित ठिकानों, उनके संपर्कों और आवाजाही के रास्तों की गहन पड़ताल कर रही है।
क्या था पूरा मामला?
गौरतलब है कि 24 सितंबर को 5 हथियारबंद बदमाशों ने गोलमुरी स्थित केनरा बैंक की शाखा पर धावा बोला था। अपराधियों ने बैंक के सुरक्षा गार्ड, मैनेजर समेत कुल 14 कर्मचारियों को हथियार के बल पर बंधक बना लिया था।
इसके बाद आरोपी बैंक से लगभग 23 किलोग्राम सोना और 43 लाख रुपये नकद लूटकर फरार हो गए थे। वारदात के बाद से ही पुलिस की विभिन्न टीमें आरोपियों को पकड़ने और लूटे गए सोने व नकदी की शत-प्रतिशत बरामदगी के लिए अभियान चला रही हैं।
