विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

झारखंड की सबसे बड़ी बैंक डकैती: जमशेदपुर के केनरा बैंक से 24 मिनट में 36 करोड़ का सोना और 43 लाख कैश लूट भागे बदमाश

Published: Fri, 25 Sep 2026 12:37 AM (IST)

जमशेदपुर के गोलमुरी स्थित केनरा बैंक में हथियारबंद अपराधियों ने 24 मिनट में राज्य की सबसे बड़ी डकैती को अंजाम ...और पढ़ें

मूसलाधार बारिश की आड़ में रेनकोट पहनकर पहुंचे पांच डकैतों ने महज 24 मिनट के भीतर बैंक कर्मियों को बंधक बनाकर 23 किलोग्राम सोना और 43 लाख रुपये नकद लूट लिए।

मूसलाधार बारिश की आड़ में रेनकोट पहनकर पहुंचे पांच डकैतों ने महज 24 मिनट के भीतर बैंक कर्मियों को बंधक बनाकर 23 किलोग्राम सोना और 43 लाख रुपये नकद लूट लिए।

HighLights

  1. जमशेदपुर के केनरा बैंक में हुई राज्य की सबसे बड़ी डकैती।

  2. पुलिस ने 20 अधिकारियों की SIT गठित की, सीमाएं सील।

जासं, जमशेदपुर। लौहनगरी जमशेदपुर के व्यस्ततम गोलमुरी चौक के समीप स्थित केनरा बैंक की शाखा में गुरुवार सुबह हथियारबंद अपराधियों ने राज्य के आपराधिक इतिहास की सबसे बड़ी डकैती को अंजाम दिया। 
 
मूसलाधार बारिश की आड़ में रेनकोट पहनकर पहुंचे पांच डकैतों ने महज 24 मिनट के भीतर बैंक कर्मियों को बंधक बनाकर चेस्ट और सेफ से ग्राहकों का करीब 36 करोड़ रुपये मूल्य का 23 किलोग्राम सोना (600 पैकेट) और 43 लाख रुपये नकद लूट लिए।
 
वर्ष 2000 में झारखंड गठन के बाद से किसी भी वित्तीय संस्थान में हुई यह अब तक की सबसे बड़ी स्वर्ण व नकदी डकैती है। घटना को अंजाम देने के बाद लुटेरे दो बाइकों पर सवार होकर आसानी से फरार हो गए।
 

मूसलाधार बारिश में घुसे, सुरक्षा गार्ड को मारकर किया लहूलुहान 

प्रत्यक्षदर्शियों और बैंक कर्मचारियों के अनुसार, सुबह करीब सवा नौ बजे बैंक खुला ही था और अंदर सफाई का काम चल रहा था। तभी तेज बारिश का फायदा उठाकर रेनकोट और कैप पहने पांच अपराधी सामान्य ग्राहकों की तरह अंदर दाखिल हुए।
 
मुख्य द्वार पर तैनात सुरक्षा गार्ड संतोष कुमार ने जब उनके संदिग्ध हाव-भाव को देखकर पूछताछ करने की कोशिश की, तो एक अपराधी ने पिस्तौल की बट से उनके सिर पर जानलेवा वार कर दिया। 
 
गार्ड के लहूलुहान होकर गिरते ही लुटेरों ने हथियार लहराते हुए बैंक कर्मियों को बंधक बना लिया और शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी।
 

मैनेजर की कनपटी पर तानी पिस्तौल 

कर्मचारियों को एक कोने में करने के बाद तीन अपराधी सीधे शाखा प्रबंधक अजीत कुमार के केबिन में घुसे। अपराधियों ने प्रबंधक की कनपटी पर पिस्तौल सटाकर गोली मारने की धमकी दी और उन्हें स्ट्रांग रूम की ओर ले गए।
 
दहशत के साए में अपराधियों ने प्रबंधक से चेस्ट और गोल्ड सेफ की चाबियां छीनकर उन्हें खुलवाया। चेस्ट में रखे 43 लाख रुपये नकद समेटने के बाद अपराधियों ने गोल्ड लोन वाले सेफ से करीब 600 पैकेटों को अपने बैग में भर लिया। 
 
इन पैकेटों में ग्राहकों का लगभग 23 किलोग्राम सोना सुरक्षित रखा था, जिसकी अनुमानित कीमत 36 करोड़ रुपये है। डकैती की पूरी वारदात को सुबह 9:20 से 9:44 बजे के बीच अंजाम दिया गया।
 

बाहर पहले से तैयार थे सहयोगी, सीसीटीवी में कैद हुई हलचल 

लूटपाट के बाद अपराधी आराम से बाहर निकले, जहां सड़क पर उनके दो सहयोगी बाइक स्टार्ट कर पहले से खड़े थे। पांचों लुटेरे दो बाइकों पर सवार होकर मुख्य मार्ग की ओर फरार हो गए। 
 
पूरी वारदात बैंक और आसपास की दुकानों के सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज से साफ है कि अपराधियों ने बैंक खुलने के समय, सुरक्षा इंतजामों और भागने के रास्तों की कई दिनों तक गहन रेकी की थी।
 

20 अधिकारियों की SIT गठित, पड़ोसी राज्यों की सीमाएं सील 

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भारी बल के साथ मौके पर पहुंचे। एसएसपी के निर्देश पर सिटी एसपी के नेतृत्व में 20 पुलिस अधिकारियों की विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है।
 
जमशेदपुर से सटे सरायकेला, चाईबासा के साथ-साथ पश्चिम बंगाल और ओडिशा से जुड़ी सीमाओं को पूरी तरह सील कर दिया गया है। टोल प्लाजा और चेक पोस्टों पर वाहनों की गहन जांच की जा रही है। 
 
पुलिस की टेक्निकल सेल और सर्विलांस टीम अपराधियों के हुलिए का मिलान अंतरराज्यीय डकैत गिरोहों के डोजियर से कर रही है।
 

झारखंड में बैंक डकैती की प्रमुख ऐतिहासिक घटनाएं 

झारखंड में बैंकों की कमजोर सुरक्षा व्यवस्था और अलार्म का समय पर न बजना अंतरराज्यीय गिरोहों के लिए आसान लक्ष्य साबित होता रहा है:
 
  • 24 सितंबर 2026 (जमशेदपुर): गोलमुरी केनरा बैंक से 23 किलो सोना और 43 लाख कैश समेत कुल 36.43 करोड़ रुपये की सबसे बड़ी डकैती। 
  • 24 अप्रैल 2026 (हजारीबाग): बरही स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र से महज 10 मिनट में बंधक बनाकर 7 करोड़ का सोना व 5 लाख नकद लूटे गए। 
  • 22 सितंबर 2025 (देवघर): मधुपुर स्थित एचडीएफसी बैंक शाखा से 1.64 करोड़ नकद और 2.2 किलो सोना लूटा गया था। 
  • 18 अगस्त 2022 (जमशेदपुर): मानगो उलीडीह स्थित बैंक ऑफ इंडिया में फर्जी सीबीआई अधिकारी बनकर 35 लाख नकद और 1.25 करोड़ के गहने उड़ाए गए। 
  • 06 सितंबर 2022 (धनबाद): बैंक मोड़ स्थित मुथूट फिनकार्प में करोड़ों के सोने की डकैती का प्रयास, पुलिस एनकाउंटर में एक डकैत ढेर।

पांच हथियारबंद अपराधियों ने बैंक में घुसकर वारदात को अंजाम दिया है। प्रारंभिक आकलन के अनुसार अपराधी 43 लाख रुपये नकद और गोल्ड लोन के तहत रखे आभूषण ले गए हैं। बैंक के सामान्य लॉकरों से कोई छेड़छाड़ नहीं हुई है। आभूषणों के सटीक वजन और मूल्य का मिलान बैंक प्रबंधन के दस्तावेजों से कराया जा रहा है। अपराधियों की फुटेज मिल चुकी है। 20 अधिकारियों की एसआईटी लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। शहर से बाहर निकलने वाले सभी मार्गों पर सघन चेकिंग जारी है, जल्द ही गिरोह को बेनकाब कर माल बरामद कर लिया जाएगा।

-

शुभम खंडेलवाल, ग्रामीण एसपी