विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जमशेदपुर में निखार हत्याकांड के बाद सोनारी के कारोबारी को मांगी गई रंगदारी, हत्या की धमकी

Published: Fri, 11 Sep 2026 01:55 PM (IST)

जमशेदपुर के सोनारी में कारोबारी नवल सोंथालिया को रंगदारी के लिए फोन पर जान से मारने की धमकी मिली है। ...और पढ़ें

चार से नौ सितंबर के बीच कई बार फोन, विशाल सिंह के खिलाफ प्राथमिकी।

चार से नौ सितंबर के बीच कई बार फोन, विशाल सिंह के खिलाफ प्राथमिकी।

HighLights

  1. कारोबारी नवल सोंथालिया को रंगदारी के लिए धमकी भरे फोन।

  2. सोनारी थाने में विशाल सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज।

  3. पुलिस गैंगवार और आपराधिक नेटवर्क की जांच में जुटी।

जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। निखार सबलोक हत्याकांड की तपिश अभी कम भी नहीं हुई थी कि शहर में रंगदारी के फोन ने पुलिस की चिंता बढ़ा दी। सोनारी थाना क्षेत्र आशियाना गार्डेन आर्किड अपार्टमेंट निवासी कारोबारी नवल सोंथालिया को छह दिनों में कई बार फोन कर रंगदारी मांगी गई और रकम नहीं देने पर हत्या की धमकी दी गई।

इतना ही नहीं, पुलिस को सूचना देने पर भी गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई। नौ सितंबर को सिटी एसपी से शिकायत के बाद सोनारी थाना में विशाल सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हुई। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि धमकी के पीछे वास्तव में कौन है और क्या इसका कोई आपराधिक नेटवर्क से संबंध है।

पुलिस फोन काल के नंबर और काल डिटेल रिकार्ड (सीडीआर) की जांच कर रही है। शिकायतकर्ता को जिस नंबर से काल आए, उसकी तकनीकी जांच के साथ यह भी पता लगाया जा रहा है कि फोन करने वाला वास्तव में कौन है और उसका विशाल सिंह से क्या संबंध है।

नवल के पिता सुशील सोंथालिया भी कारोबारी हैं। पुलिस मामले में रंगदारी की मांग, धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान और उसके संभावित आपराधिक नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

बता दे कि शिकायतकर्ता चैंबर आफ कामर्स एंड इंडस्ट्रीज के पूर्व अध्यक्ष सुरेश सोंथालिया के रिश्तेदार है। सिटी एसपी से मामले को लेकर कई बार संपर्क किया गया। एसपी ने कोई जवाब नहीं दिया। घटना के कारोबारी और उसके स्वजन दहशत में है।

गैंग कनेक्शन ने बढ़ाई पुलिस की सक्रियता

प्राथमिकी में नामजद विशाल सिंह के पते की जानकारी शिकायतकर्ता को नहीं है। हालांकि आपराधिक गलियारों के अनुसार विशाल सिंह का नाम देहरादून में अखिलेश सिंह से जुड़े विक्रम शर्मा हत्याकांड तथा दुमका में मानगो निवासी अमरनाथ सिंह की हत्या के मामले में सामने आ चुका है। देहरादून पुलिस ने उस पर दो लाख रुपये का इनाम घोषित किया था।

वह पूर्व में बागबेड़ा के गाराबासा में रहता था। विक्रम शर्मा की हत्या के बाद उसके जुगसलाई गौशाला सिनेमा रोड स्थित ठिकाने की देहरादून पुलिस ने कुर्की भी की थी। पुलिस रिकार्ड में विशाल सिंह का नाम गणेश सिंह गिरोह से जुड़े व्यक्ति के तौर पर सामने आने की बात कही जा रही है।

ऐसे में निखार हत्याकांड के बाद कारोबारी को मिले रंगदारी काल में गैंग कनेक्शन की आशंका से भी इंकार नहीं किया जा सकता। हालांकि काल करने वाला व्यक्ति वास्तव में विशाल सिंह ही था या किसी ने उसके नाम का इस्तेमाल किया, यह जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।

11 माह बाद फिर कारोबारी को रंगदारी

शहर में कारोबारियों से रंगदारी मांगने की घटनाओं के बीच यह मामला सामने आया है। करीब 11 माह पहले भुइयांडीह निवासी कारोबारी हरेराम सिंह से दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगे जाने का मामला सामने आया था। अब नवल सोंथालिया को धमकी मिलने से कारोबारी वर्ग में भी चिंता बढ़ी है।

पुलिस को सूचना दी गई कि परसुडीह क्षेत्र से भी कारोबारी नवल सोंथालिया को अखिलेश सिंह के नाम पर रंगदारी के लिए फोन किया गया था। पुलिस इन काल को भी मौजूदा मामले से जोड़कर जांच कर रही है।

कॉल के स्रोत, नंबरों की लोकेशन, सीडीआर और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की पड़ताल के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ होगी। नवल सोंथालिया इलेक्ट्रानिक्स सामान के कारोबारी हैं और टाटा स्टील में भी उनका कारोबार चलता है।

जुगसलाई के कारोबारियों से मांगी जा रही थी रंगदारी

जुगसलाई में कारोबारियों से रंगदारी की मांग कई आपराधिक मामलों के आरोपित मनीष सिंह ने की थी। पुलिस ने उसे और उसके सहयोगियों को रंगदारी नहीं देने पर शोरूम में फायरिंग करने के मामले में गिरफ्तार किया था। 

यह भी पढ़ें- झारखंड में अमन-सुजीत जैसे बड़े गैंगस्टर मारे गए तो अपराधियों की 'नई पौध' उड़ा रही कारोबारियों की नींद