जमशेदपुर में बोकारो के बीच फाइनल फाइट
मैन ऑफ द मैच रितू कुमारी व मोनिका मुर्मू की नाबाद पारी की बदौलत जमशेदपुर ने जीत दर्ज कर फाइनल में स्थान पक्का कर लिया।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : मैन ऑफ द मैच रितू कुमारी व मोनिका मुर्मू की नाबाद पारी की बदौलत जमशेदपुर ने रांची में खेले गए सीनियर महिला क्रिकेट के पहले सेमीफाइनल मुकाबले में प. सिंहभूम को दस विकेट से रौंद दिया। फाइनल में जमशेदपुर का मुकाबला बोकारो से होगा।
25-25 ओवर के मैच में प. सिंहभूम ने आठ विकेट पर 126 रन बनाए। प्रियंका संवाई ने 44 गेंद पर दस चौके की मदद से 64 रन की अर्द्धशतकीय पारी खेली। बाकी बल्लेबाज फिसड्डी साबित हुए। जमशेदपुर की ओर से गेंदबाजी करते हुए देव्यानी ने दो विकेट लिए, वहीं अश्विनी कुमारी, मोनिका कुमारी व रितू कुमारी को एक-एक विकेट मिला।
जवाबी पारी खेलने उतरी जमशेदपुर ने 21.1 ओवर में बिना कोई विकेट खोए 130 रन बना लिए। रितू कुमारी ने 69 गेंद पर आठ चौके की मदद से नाबाद 64 रन बनाए। मोनिका ने रितू का अच्छा साथ दिया और 56 गेंद पर पांच चौके की मदद से नाबाद 43 रन बनाए।
दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में बोकारो ने धनबाद को छह विकेट से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए धनबाद की टीम 25 ओवर में आठ विकेट पर 90 रन बनाकर सिमट गई। रुमा कुमारी महतो ने 51 गेंद पर पांच चौके की मदद से 36 रन बनाए। दुर्गा कुमारी ने 34 गेंद पर एक चौके की मदद से 19 रन बनाए। बोकारो की ओर से आरती कुमारी ने तीन विकेट लिए, वहीं सुवेचा मंडल ने दो विकेट लिए।
जवाबी पारी खेलने उतरी बोकारो की टीम ने 20.2 ओवर में ही चार विकेट खोकर लक्ष्य को हासिल कर लिया। मैन ऑफ द मैच निहारिका ने 34 गेंद पर छह चौके व एक छक्के की मदद से नाबाद 53 रन बनाए। शोभा कुमारी ठाकुर ने 35 गेंद पर दो चौके की मदद से 18 रन बनाए। गेंदबाजी करते हुए दुर्गा कुमारी, अनीता कुमारी व उर्मिला कुमारी ने एक-एक विकेट लिए।