विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जमशेदपुर में घरेलू विवाद में दो मर्डर से सनसनी: भाई ने भाई को कुल्हाड़ी से काटा, पति ने पत्नी की ली जान

Published: Wed, 25 Feb 2026 11:05 AM (IST)Updated: Wed, 25 Feb 2026 01:46 PM (IST)

Jamshedpur News पारिवारिक रिश्तों में बढ़ते तनाव ने दो घरों को उजाड़ दिया। एक मामले में छोटे भाई ने बड़े ...और पढ़ें

आदित्यपुर में हत्या के आरोप में गिरफ्तार।

आदित्यपुर में हत्या के आरोप में गिरफ्तार।

HighLights

  1. बागबेड़ा में छोटे भाई ने बड़े भाई को कुल्हाड़ी से मारा।

  2. आदित्यपुर में पत्नी की हत्या के आरोप में पति गिरफ्तार।

  3. पारिवारिक विवाद और नशे की लत बनी हत्या का कारण।

जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिले में पारिवारिक कलह ने दो परिवारों को उजाड़ दिया। एक ओर जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना क्षेत्र में छोटे भाई ने बड़े भाई की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी, वहीं दूसरी ओर आदित्यपुर में पत्नी की हत्या के आरोप में पति को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों घटनाओं ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है।

बागबेड़ा में छोटे भाई ने बड़े भाई को कुल्हाड़ी से काटा

जानकारी के अनुसार बागबेड़ा थाना क्षेत्र के कांचा गांव में पारिवारिक विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। छोटे भाई मनीष मार्डी ने अपने बड़े भाई शेरू मार्डी पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया।

बताया जा रहा है कि शेरू नशे का आदी था और आए दिन माता-पिता व भाई के साथ विवाद करता था। रविवार देर शाम दोनों भाइयों के बीच फिर से झगड़ा हुआ। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में मनीष ने घर में रखी कुल्हाड़ी से शेरू पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।

गंभीर रूप से घायल शेरू को पहले एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उसकी नाजुक हालत देखते हुए उसे रांची के रिम्स रेफर कर दिया। इलाज के दौरान देर रात करीब डेढ़ बजे उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मनीष को खून से सनी कुल्हाड़ी के साथ गिरफ्तार कर लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मामले की जांच जारी है।

आदित्यपुर में पत्नी की हत्या, पति गिरफ्तार

उधर गम्हरिया के शिवनारायणपुर सरना टोला में एक महिला की संदिग्ध मौत से हड़कंप मच गया। सोमवार रात किराए के मकान से 58 वर्षीय नीतिमा मुंडुइया का शव बरामद किया गया। प्रारंभिक जांच में घरेलू विवाद के बाद हत्या की आशंका जताई गई।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के पति बुधराम मुंडुइया को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

मामले में सरायकेला के एसपी के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम ने शिवनारायणपुर सरना टोला में छापेमारी कर आरोपी को दबोच लिया। पुलिस का कहना है कि पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था और उसी के चलते यह वारदात हुई।

पुलिस कर रही जांच

दोनों ही मामलों में पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिससे मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि हो सके।

इन घटनाओं ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि पारिवारिक विवाद और नशे की लत किस तरह हिंसा का रूप ले रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते विवाद सुलझाने और परामर्श की व्यवस्था होती तो शायद दो परिवार आज उजड़ने से बच जाते।

यह भी पढ़ें- गैंगस्टर विक्रम शर्मा हत्याकांड: मास्टरमाइंड आशुतोष ही, जमशेदपुर से नोएडा तक फैला ‘डेथ नेटवर्क’

यह भी पढ़ें- दो मिनट में समझें झारखंड का ‘अबुआ दिशोम’ बजट 2026-27: 11 पॉइंट्स में पढ़ें हर क्षेत्र के लिए क्या है योजना