जमशेदपुर के गोलमुरी में दिनदहाड़े बैंक डकैती, 42 लाख की लूट से हड़कंप; गन प्वाइंट पर चेस्ट खुलवाया
जमशेदपुर के गोलमुरी स्थित केनरा बैंक में दिनदहाड़े हथियारबंद अपराधियों ने 42 लाख रुपये लूटे। उन्होंने बैंककर्मियों को बंधक बनाकर ...और पढ़ें

गन प्वाइंट पर मैनेजर से खुलवाया चेस्ट, नकदी समेटकर फरार हुए अपराधी।
HighLights
गोलमुरी के केनरा बैंक में दिनदहाड़े 42 लाख की लूट।
हथियारबंद अपराधियों ने बैंककर्मियों को बंधक बनाकर वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालकर अपराधियों की पहचान में जुटी।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। गोलमुरी थाना क्षेत्र में गुरुवार को दिनदहाड़े हथियारबंद अपराधियों ने केनरा बैंक की शाखा में धावा बोलकर करीब 42 लाख रुपये लूट लिये। अपराधियों ने बैंककर्मियों को हथियार के बल पर बंधक बना लिया। इसके बाद मैनेजर को गन प्वाइंट पर लेकर चेस्ट खुलवाया और उसमें रखी नकदी समेटकर फरार हो गये।
वारदात के बाद बैंक परिसर में अफरा-तफरी मच गयी। दिनदहाड़े बैंक डकैती की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हथियारबंद अपराधी बैंक में पहुंचे और कर्मचारियों को अपने कब्जे में ले लिया। हथियार दिखाकर सभी को शांत रहने की धमकी दी गयी। इसके बाद अपराधियों ने बैंक मैनेजर को चेस्ट के पास ले जाकर उसे खोलने के लिए मजबूर किया।
चेस्ट खुलते ही अपराधियों ने उसमें रखी नकदी अपने कब्जे में ले ली। रकम समेटने के बाद सभी अपराधी बैंक से बाहर निकले और फरार हो गये। घटना की सूचना मिलते ही गोलमुरी पुलिस की टीम बैंक पहुंची। वरीय पुलिस अधिकारियों ने भी मौके पर पहुंचकर बैंककर्मियों से पूछताछ की।
पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के साथ बैंक के अंदर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिये हैं। अपराधियों के बैंक में प्रवेश करने से लेकर वारदात के बाद निकलने तक की गतिविधियों को फुटेज के जरिये जोड़ा जा रहा है।

नकदी की जानकारी किसने दी, जांच का अहम बिंदु
पुलिस के सामने सबसे अहम सवाल यह है कि अपराधियों को बैंक में बड़ी रकम रखे होने की जानकारी कैसे मिली। वारदात में कितने अपराधी शामिल थे, उनके पास किस तरह के हथियार थे और वे किस वाहन से पहुंचे थे, इसकी भी जांच की जा रही है। बैंककर्मियों से अपराधियों के हुलिये और बातचीत से जुड़ी जानकारी ली गयी है।
पुलिस की अलग-अलग टीमें अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। तकनीकी जांच के साथ आसपास के रास्तों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि अपराधियों के भागने की दिशा का सुराग मिल सके। दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस के सामने बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है।
