Tata Steel की जमीन पर प्रशासन का चाबुक, बर्मामाइंस में 17 अवैध दुकानें ध्वस्त; अब साकची की बारी
जमशेदपुर प्रशासन ने बर्मामाइंस में टाटा स्टील लीज और सरकारी भूमि से 17 अवैध दुकानों व निर्माणों को ध्वस्त कर ...और पढ़ें

बर्मामाइंस में स्टार टॉकीज के समीप आशीर्वाद होटल के पीछे से 17 अवैध दुकानों और अस्थायी निर्माणों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।
HighLights
टाटा स्टील लीज और सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।
बर्मामाइंस के बाद अब साकची में भी चलेगा अतिक्रमण अभियान।
जासं, जमशेदपुर। सरकारी और टाटा स्टील लीज भूमि से अवैध कब्जे हटाने के लिए मंगलवार को धालभूम अनुमंडल प्रशासन, राजस्व विभाग की टीम और पुलिस ने बर्मामाइंस क्षेत्र में कार्रवाई की।
स्टार टॉकीज के समीप आशीर्वाद होटल के पीछे से 17 अवैध दुकानों और अस्थायी निर्माणों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। प्रशासन की इस कार्रवाई से पूरी जमीन को अतिक्रमण मुक्त करा लिया गया है।
नोटिस की अनदेखी के बाद हुई कड़ी कार्रवाई
इस भूमि पर अनाधिकृत कब्जे को लेकर टाटा स्टील प्रबंधन ने प्रशासन को शिकायत पत्र सौंपा था। आवेदन के आधार पर अनुमंडल न्यायालय (एसडीओ कोर्ट) में अतिक्रमण का मामला दर्ज किया गया और सुनवाई पूरी की गई।
कोर्ट से आदेश पारित होने के बाद सभी कब्जाधारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर स्वतः अतिक्रमण हटाने का नोटिस दिया गया था।
तय समय बीत जाने पर भी जब जमीन खाली नहीं की गई, तो मंगलवार को दंडाधिकारी की देखरेख में बुलडोजर चलाकर निर्माण ध्वस्त कर दिए गए।
कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात रहा, जिससे पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण संपन्न हुई।
अब साकची में चलेगा बुलडोजर
बर्मामाइंस में मिली सफलता के बाद जिला प्रशासन की अगली कार्रवाई शहर के प्रमुख व्यावसायिक केंद्र साकची में तय की गई है। साकची थाना क्षेत्र में विभिन्न अतिक्रमण मामलों में एसडीओ कोर्ट से आदेश पारित हो चुके हैं।
प्रशासन ने साकची में भी सरकारी और सार्वजनिक भूखंडों पर किए गए अवैध निर्माणों को ढहाने की सूची तैयार कर ली है। इसके लिए संबंधित राजस्व अधिकारियों को दंडाधिकारी के साथ मौके पर तैनात रहने के कड़े निर्देश दिए गए हैं।
दुर्गा पूजा पर शहर को जाममुक्त रखने की पहल
आगामी दुर्गा पूजा और त्योहारी सीजन को देखते हुए जिला प्रशासन तथा नगर निकाय सड़कों और प्रमुख बाजारों में यातायात सुगम बनाने में जुटे हैं।
त्योहारों के दौरान पूजा पंडालों और मुख्य मार्गों पर लगने वाले जाम से आम जनता को राहत दिलाने के लिए निगरानी बढ़ा दी गई है।
प्रशासनिक अधिकारियों ने सख्त लहजे में चेतावनी दी है कि सरकारी या लीज भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और यह अभियान आगे भी अनवरत जारी रहेगा।
